Amravati News: अमरावती में मनपा और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के बीच 1983 के करार के संदर्भ में एक नया पूरक करार करने का निर्णय लिया गया है।
इसका उद्देश्य शहर में संपत्ति कर और पानीपट्टी की लंबित बकाया राशि की प्रभावी वसूली करना है। इस विषय पर अभ्यासु प्रमोद पांडे और अंजलि पांडे ने विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि बकाया राशि न चुकाने वालों की जलापूर्ति बंद करने की कार्रवाई भी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, मनपा पर लगभग 196.59 करोड़ रुपये और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण पर करीब 427 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूल की जानी बाकी है। नए करार के तहत अब नागरिकों को मनपा की सेवाएं प्राप्त करने के लिए पहले महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण से नो ड्यूज प्रमाणपत्र देना होगा।
वहीं, पानी सेवा देने से पहले यह भी जांच की जाएगी कि संबंधित नागरिक पर संपत्ति कर बकाया तो नहीं है। बकाया राशि न चुकाने वालों की पानी आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई भी की जा सकेगी।
साथ ही, शहर में पानी चोरी रोकने, सभी पानी कनेक्शनों का मैपिंग करने और साझा डिजिटल डैशबोर्ड तैयार करने का निर्णय लिया गया है। दोनों विभाग बकायेदारों की जानकारी साझा कर संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे।