मुख्यमंत्री के ममेरे भाई निर्विरोध जीते चुनाव, कांग्रेस समेत सभी नामांकन वापिस, फडणवीस ने दी बधाई

Chikhaldara Nagar Parishad Elections: अमरावती के चिखलदरा नगर परिषद चुनाव में सीएम देवेंद्र फडणवीस के ममेरे भाई आल्हाद कलोती सभी प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद निर्विरोध चुने गए।
CM Devendra Fadnavis cousin Alhad Kaloti wins unopposed chikhaldara election
विजयी प्रत्याशी व अन्य (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CM Fadnavis's cousin Alhad Kaloti Wins Unopposed: विदर्भ के एकमात्र हिल स्टेशन चिखलदरा में आगामी 2 दिसंबर को होने जा रहे नगर पालिका चुनाव में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ममेरे भाई आल्हाद कलोती नगरसेवक पद के लिए निर्विरोध चुने गए।

कलोती के सामने मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद वे एकमात्र उम्मीदवार के रूप में बचे और उनका निर्विरोध चयन हो गया। इस सीट को लेकर पूरे जिले की नजरें लगी थीं।

विधायक रवि राणा के विशेष प्रयासों से यह निर्विरोध चयन संभव हुआ। नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने मोबाइल पर राणा तथा नामांकन वापस लेने वाले सभी प्रत्याशियों से बातचीत कर आभार व्यक्त किया। इस प्रकार चुनाव में भाजपा के खाते में पहली निर्विरोध सीट दर्ज हुई।

कांग्रेस समेत 9 प्रत्याशियों ने नाम लिया वापिस

चिखलदरा के प्रभाग क्र. 10-बी से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ममेरे भाई आल्हाद कलोती उम्मीदवार थे, जिसके चलते इस प्रभाग की चुनावी चर्चा पूरे जिले में केंद्रित रही। गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी शेख इर्शाद शेख जमील, नथ्थू खडके सहित कुल 9 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया, जिसके बाद आल्हाद कलोती को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।

माना जा रहा है कि यह निर्णय स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और आंतरिक चर्चाओं का परिणाम है। उधर, कुछ दिन पहले चिखलदरा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और तीन बार नगराध्यक्ष रह चुके राजेंद्रसिंह सोमवंशी ने 15 पूर्व नगरसेवकों के साथ भाजपा में प्रवेश किया। भाजपा ने उन्हें नगराध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया है। इस घटनाक्रम के बाद नगर परिषद चुनाव का माहौल पूरी तरह बदल गया है और यह चुनाव सोमवंशी के लिए भी प्रतिष्ठा का विषय बन गया है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास

स्वाभिमान पार्टी के अध्यक्ष व विधायक रवि राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस लिया। यह निर्णय दूरदर्शी नेतृत्व की जीत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चिखलदरा मुख्यमंत्री फडणवीस का पसंदीदा हिल स्टेशन है और आल्हाद कलोती की जीत के बाद यहां विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

कलोती परिवार ने अंध विद्यालय, शिक्षा क्षेत्र, आदिवासी समाज, ओबीसी, गवली व कलार समाज के लिए हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आल्हाद कलोती उसी विकास परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। स्काय वॉक, पर्यटन विकास, सड़क सुविधाएं, पेयजल परियोजना और विद्युत परियोजनाएं अब तेजी से पूरी होने की उम्मीद है।

फडणवीस ने फोन पर दी शुभकामनाएं

निर्विरोध परिणाम की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधायक रवि राणा से फोन पर बातचीत कर इस निर्णय का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजेंद्रसिंह सोमवंशी और निर्विरोध विजयी हुए आल्हाद कलोती भी उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com