वानोजा में ओलावृष्टि (सौजन्य-नवभारत)
Unseasonal Rain Amravati: अंजनगांव तहसील के ग्राम वनोजा बाग में संत लखमाजी महाराज संस्थान की लगभग 400 वर्षों की परंपरा वाली गुढ़ी पाड़वा यात्रा पर गुरुवार को प्रकृति का कहर टूट पड़ा। गुरुवार को दोपहर करीब 4 बजे अचानक तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और बड़े आकार की ओलावृष्टि ने पूरे मेले का माहौल बिगाड़ दिया। अचानक मौसम में हुए बदलाव से हजारों श्रद्धालुओं की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
वहीं व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मध्य प्रदेश, इंदौर, गुजरात, सूरत, मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नवस (मन्नत) पूरा करने और दर्शन के लिए पहुंचे थे। परंतु अचानक मौसम खराब होने से यात्रा स्थल पर भगदौड़ जैसे हालात बन गए। मेले में लगे दुकानों का सामान बारिश में भीग गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हुआ।ट
कई श्रद्धालु ‘रोडगे’ (नैवेद्य) का कार्यक्रम कर रहे थे, लेकिन बारिश के कारण उन्हें बीच में ही सारा सामान समेटना पड़ा। मंदिर परिसर में कीचड़ फैल जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए। अपनी सुरक्षा के लिए श्रद्धालुओं ने दुकानों और हॉल में शरण ली। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें – मोदी कैबिनेट में महाराष्ट्र से नए चेहरे..प्रफुल को सुनेत्रा को मनाने का इनाम, जूनियर शिंदे का भी होगा प्रमोशन!
कई श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पूरी करने और नवस चुकाने आए थे, लेकिन इस प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी इच्छाएं अधूरी रह गईं। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल अचानक मायूसी में बदल गया और चारों ओर कीचड़ ही कीचड़ नजर आने लगा।
अंजनगांव सुर्जी तहसील में अचानक हुई इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी तथा कटाई के लिए तैयार फसलें जैसे चना, गेहूं और प्याज को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसान पहले ही फसल कटाई की तैयारी में थे, ऐसे में इस बारिश ने उनके मुंह का निवाला छीन लिया है।