Amravati LPg Crisis News: अमरावती शहर के तपोवन परिसर स्थित विदर्भ महारोगी सेवा मंडल में पिछले एक महीने से गहराया ईंधन संकट आखिरकार सांसद बलवंत वानखड़े के हस्तक्षेप के बाद दूर हो गया। जिला प्रशासन की अनदेखी के चलते यहां रह रहे करीब 600 कुष्ठरोगी और वृद्ध निवासियों के सामने दो वक्त के भोजन का संकट खड़ा हो गया था।
रसोई गैस सिलेंडर की कमी के कारण संस्था में पिछले एक महीने से गैस चूल्हे बंद पड़े थे। मजबूरी में कार्यकर्ताओं और निवासियों को लकड़ी, ईंट और सूखे पत्तों से चूल्हा जलाकर खाना बनाना पड़ रहा था। करीब साढ़े छह सौ लोगों की आबादी वाले इस आश्रम में, जिसमें बड़ी संख्या में वृद्ध महिलाएं शामिल हैं, धुएं के बीच भोजन बनाना बड़ी चुनौती बन गया था।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुभाष गवई के नेतृत्व में इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन को लिखित निवेदन भी दिया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद बलवंत वानखड़े ने शुक्रवार को तपोवन का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद संस्था को गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई।
सांसद वानखड़े ने कहा कि समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद वर्ग के प्रति इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। कुष्ठरोगियों की सेवा में जुटी संस्था को मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन को भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने देने के निर्देश दिए।