Viral LPG Cylinder Aarti Video (फोटो क्रेडिट-X)
LPG Cylinder Aarti: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद मजेदार और हैरान करने वाला वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। महाराष्ट्र के एक घर में जब एलपीजी गैस सिलेंडर पहुँचा, तो घर की महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ममता गुप्ता नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह सिलेंडर लेकर आए डिलीवरी बॉय की बाकायदा आरती उतारती नजर आ रही हैं। यह वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर छा गया है और लोग इस पर तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि करीब 40 साल का एक डिलीवरी मैन कंधे पर भारी गैस सिलेंडर रखकर घर के दरवाजे पर खड़ा है। जैसे ही वह पहुँचता है, महिला हाथ में पूजा की थाली लेकर आ जाती है। वह न केवल शख्स की आरती उतारती है, बल्कि उसके माथे पर तिलक लगाती है और उसे बड़े प्यार से पेड़ा भी खिलाती है। महिला की यह अनोखी हरकत देखकर बेचारा डिलीवरी बॉय बुरी तरह शर्मा जाता है। वह हंसते हुए अपना माथा पीट लेता है।
दरअसल, इस समय ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष की वजह से पूरी दुनिया में ईंधन की सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है। भारत में भी कई इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत देखी जा रही है। लोगों को आसानी से गैस नहीं मिल पा रही है, ऐसे में जब कई दिनों के इंतजार के बाद सिलेंडर घर पहुँचता है, तो लोग उसे किसी बड़े तोहफे से कम नहीं मान रहे हैं। यही वजह है कि महिला ने डिलीवरी मैन का स्वागत किसी भगवान की तरह किया।
ये भी पढ़ें- रुद्राक्ष का डिब्बा, हरा लिक्विड और ‘मंत्र जल’ का मायाजाल; अशोक खरात के दफ्तर से मिला पाखंड का सामान
सरकार ने गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कड़े नियम बनाए हैं। नियम के मुताबिक, दो सिलेंडर बुक करने के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर होना जरूरी है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में यह वेटिंग पीरियड बढ़कर 45 दिन तक पहुँच गया है। डेढ़ महीने तक बिना गैस के चूल्हा जलाने की जद्दोजहद के बाद जब किसी को सिलेंडर मिलता है, तो उनकी खुशी का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।
इंस्टाग्राम पर यह वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि आज के दौर में गैस सिलेंडर मिलना किसी जंग जीतने जैसा है, इसलिए आरती उतारना तो बनता है। वहीं कुछ ने डिलीवरी बॉय की मासूमियत और उसके शर्माने वाले अंदाज की तारीफ की है। हालांकि, इस मजाकिया वीडियो के पीछे देश में गैस सप्लाई की गंभीर समस्या भी झलक रही है, जिससे आम आदमी पिछले कई हफ्तों से परेशान है।