

Amravati Crime News: सोशल मीडिया पर तलवार, फरसा और गुप्ती जैसे घातक हथियारों के साथ फोटो वायरल कर दहशत फैलाने वाले 3 युवकों को राजापेठ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हथियार जब्त कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित अरविंद महाजन 24, तेजस भारत भोंगे 21 और प्रतीक शिवाजी कापसे 25 का समावेश है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार राजापेठ पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हाथों में घातक हथियार लेकर फोटो खिंचवाकर उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल कर रहे हैं। सूचना के आधार पर राजापेठ डीबी टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बुधवार को शिवाजी चौक, हमालपुरा क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर रोहित महाजन तेजस भोंगे और प्रतीक कापसे को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान रोहित के पास से एक तलवार, तेजस के पास से एक फरसा तथा प्रतीक के पास से एक गुप्ती बरामद की गई। जब्त हथियारों की कुल कीमत लगभग 4 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित और तेजस सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट कर आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर रहे थे।
इस मामले में राजापेठ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में पुलिस हेकॉ. मनीष करपे, पंकज खटे, रवि लिखितकर और अर्जुन कदम की टीम ने की।