Amravati District: अमरावती जिले की 841 ग्राम पंचायतों ने वर्ष 202526 में घर टैक्स और पानी टैक्स के जरिए अब तक 75 करोड़ 46 लाख रुपये की वसूली की है, लेकिन मार्च एंडिंग से पहले अभी भी 26 करोड़ 46 लाख रुपये की बड़ी राशि बकाया है.
ऐसे में प्रशासन के सामने शतप्रतिशत वसूली का बड़ा लक्ष्य खड़ा है. ग्रामीण क्षेत्रों में घर टैक्स और पानी टैक्स पंचायतों की आय का मुख्य स्रोत होते हैं. इस वर्ष कर मांग बढ़कर 48 करोड़ 8 लाख रुपये तक पहुंच गई है, जबकि पिछले साल मार्च 2025 तक 27 करोड़ 7 लाख रुपये बकाया थे.
सालभर में पंचायतों ने बकाया से 17 करोड़ 60 लाख रुपये और चालू वर्ष में 31 करोड़ 39 लाख रुपये की वसूली की है. इसके बावजूद बड़ी रकम अभी भी बाकी है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है.
रणनीति बनाने के निर्देश मार्च समाप्त होने में केवल 8 दिन शेष हैं, ऐसे में वसूली अभियान तेज कर दिया गया है. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि बकायेदारों के खिलाफ नोटिस, जुर्माना और जरूरत पड़ने पर आवश्यक सेवाएं बंद करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है.प्रशासन अब अंतिम चरण में वसूली को तेज करने की तैयारी में है और ग्राम पंचायतों को आक्रामक रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं.