Amravati Petrol Fuel Shortage News: खाड़ी देशों में जारी युद्ध के चलते पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत के चलते अमरावती में नागरिकों में भारी संभ्रम देखा जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि सभी ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन वास्तविक स्थिति इसके उलट नजर आ रही है।
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और गैस वितरकों के यहां ग्राहकों का तांता लगा हुआ है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर माल उपलब्ध नहीं है, जबकि शहर के गली-कुचों में ईंधन ब्लैक मार्केट में खुलेआम बिक रहा है। वाहन मालिक अपनी आवश्यकता से अधिक पेट्रोल भर रहे हैं और कई लोग टैंक भरने के बाद खाली कर लाइन में फिर से लग रहे हैं। इसके कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में पेट्रोल ब्लैक में ₹100 से अधिक कीमत में बिक रहा है।
गायगांव डिपो में पर्याप्त स्टॉक, लेकिन प्रोसेस जटिल
अकोला जिले के गायगांव डिपो में पेट्रोल भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। हालांकि कंपनियां सभी डीलरों से माल के बदले एडवांस राशि मांग रही हैं। टैंकर के लिए ड्राफ्ट बनाना और संबंधित प्रक्रिया पूरी होने में समय लगने के कारण कुछ पंपों पर माल तुरंत उपलब्ध नहीं हो पा रहा।
गैस सिलेंडरों के लिए भी कृत्रिम मांग बनी हुई है। कई डीलरों के पास पिछले शनिवार से माल नहीं पहुंचा है। ग्राहकों के लगातार पूछताछ के बावजूद जब तक ट्रक नहीं आता, बुकिंग के अनुसार ही सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।
शहर में कुछ होटल मालिकों ने मेन्यू में कमी कर सीमित आइटम उपलब्ध करवा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों और लंबी कतारों के कारण नागरिकों में घबराहट बनी हुई है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन यह अधिक समय तक नहीं टिक सकती।