

Amravati Crime News: अंजनगांव सुर्जी थाना क्षेत्र में खेत-प्लॉट में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी से हमला करने के आरोप लगाए। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार सैयद शहबाज सैयद सईद (20) भैंस चराने का काम करता है। सोमवार शाम करीब 6।30 बजे वह भैंस चराते हुए चंद्रशेखर श्रीराम हुरबड़े (60) के घर के पास पहुंचा। आरोप है कि चंद्रशेखर ने उसकी भैंस को मार दिया।
इस बात को लेकर पूछताछ करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि चंद्रशेखर ने लाठी से शहबाज के साथ मारपीट की। इसी दौरान उनके बेटे योगेश (31) और नितिन (41) भी मौके पर पहुंच गए। इनमें से एक ने दरांती से शहबाज के हाथ पर वार करने का आरोप है।
दूसरी ओर, योगेश हुरबड़े ने शिकायत में बताया कि उसके खुले प्लॉट में भैंसें चर रही थीं। उन्हें हटाने के दौरान शहबाज और सैयद हैदर सैयद (70) लाठियां लेकर वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। आरोप है कि शहबाज ने योगेश के सिर व पैर पर लाठी से हमला किया तथा हाथ और लात-घूंसों से भी मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और चाचा के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।