
प्रतीकात्मक तस्वीर
Akola Crime News: अकोला में तंबाकू मांगने जैसे अत्यंत मामूली कारण से शुरू हुआ विवाद सीधे हत्या में बदल गया। यह चौंकाने वाली घटना बुधवार देर रात सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के कृषि नगर परिसर में हुई। लोहे की सरिया से किए गए हमले में संतोष घावडे (41) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष घावडे और राम गिराम के बीच तंबाकू मांगने को लेकर शाब्दिक विवाद हुआ। देखते ही देखते यह विवाद विकराल रूप ले लिया। गुस्से में आकर राम गिराम ने पास में पड़ी लोहे की सरिया उठाई और संतोष घावडे पर लगातार वार किए। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से संतोष घावडे रक्तरंजित अवस्था में वहीं गिर पड़े।
अकोला पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गंभीर रूप से घायल संतोष को कुछ दूरी तक घसीटा भी। इस अमानवीय कृत्य से क्षेत्र में भय और दहशत का वातावरण फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। संतोष घावडे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- BMC चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार ने भरा डुप्लीकेट AB फॉर्म, खुलासे से महायुति में मचा हड़कंप
इस मामले में पुलिस ने आरोपी राम गिराम को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद कृषि नगर क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात किया। सिविल लाइन पुलिस आगे की जांच कर रही है। तंबाकू जैसे मामूली कारण से हुई इस नृशंस हत्या ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।






