Akola News: आगामी राम प्रगट उत्सव के अवसर पर शहर में भारी भीड़ और शोभायात्रा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव करने की मांग की गई है. भाजपा के पूर्व नगरसेवक एवं प्रसिद्धि प्रमुख गिरीश जोशी ने नगर प्रशासन और पुलिस विभाग से इस संबंध में निवेदन किया है.
उन्होंने कहा कि 26 मार्च गुरुवार को शोभायात्रा और राम मंदिर में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए पुराना कपड़ा बाजार से गांधी चौक, गांधी चौक से सिटी कोतवाली तथा तहसील कार्यालय से गणेश घाट तक के मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही सुबह 12 बजे से रात 12 बजे तक बंद रखी जाए. इससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी.
जोशी ने सुझाव दिया कि दोपहिया वाहनों के लिए गणेश घाट, नगरपालिका शाला क्रमांक एक और दो में पार्किंग की व्यवस्था की जाए. उन्होंने बताया कि राम प्रगट उत्सव दोपहर 12 बजे होता है और गांधी चौक, छोटा राम मंदिर तथा बड़ा राम मंदिर परिसर में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहते हैं.
इसी प्रकार शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक शोभायात्रा और भक्तों की भीड़ रहती है. वाहन व्यवस्था के लिए उन्होंने प्रस्ताव रखा कि अशोक वाटिका से पुराने शहर की ओर जाने वाले वाहनों को राजेश्वर सेतु मार्ग से भेजा जाए. सिटी कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा मार्ग होने के कारण यातायात प्रभावित होता है.