Akola News: शिवसेना अनुसूचित जाति मोर्चा अकोला जिला प्रमुख डॉ. रामकृष्ण डोंगरे ने खामगांव शहर जिला बुलढाना में साहित्यरत्न लोकशाहीर अन्नाभाऊ साठे के पुतले को नियमाकुल एवं स्थायी स्वरूप देने की मांग की है. इस संदर्भ में उन्होंने महाराष्ट्र राज्य के कामगार मंत्री तथा अकोला जिला पालकमंत्री एड. आकाश फुंडकर को निवेदन प्रस्तुत कर विस्तृत चर्चा की.
खामगांव शहर के रेलवे स्टेशन चौक में अन्नाभाऊ साठे का पुतला स्थापित है. इस पुतले की सुरक्षा एवं स्थायीकरण के लिए मातंग समाज के बांधव एकजुट हुए हैं. इसी मुद्दे को लेकर शिवसेना अनुसूचित जाति मोर्चा ने मंत्री फुंडकर के कार्यालय में निवेदन देकर शासन से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की. इस अवसर पर समाजसेवक प्रमोद धर्माले तथा शिवसेना अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी भी उपस्थित थे.
डॉ. डोंगरे ने कहा कि अन्नाभाऊ साठे के योगदान को स्मरण करते हुए खामगांव रेलवे स्टेशन चौक में स्थापित पुतले को नियमाकुल करना आवश्यक है. शिवसेना अनुसूचित जाति मोर्चा ने निवेदन के माध्यम से शासन से आग्रह किया है कि इस पुतले को स्थायी स्वरूप दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ साहित्यरत्न लोकशाहीर अन्नाभाऊ साठे के कार्यों और विचारों से प्रेरणा ले सकें. खामगांव शहर में अन्नाभाऊ साठे के पुतले को नियमाकुल करने की मांग समाज के व्यापक समर्थन के साथ शासन के समक्ष रखी गई है.