Akol Police: पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक की संकल्पना से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कर्तव्य के साथ स्वास्थ्य अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. पुलिस दल का कार्य अत्यंत तनावपूर्ण और दौड़धूप वाला होने के कारण उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच आवश्यक है. इसी उद्देश्य से यह उपक्रम शुरू किया गया.
शनिवार को पोस्टे कोतवाली, अकोला में यह शिविर आयोजित किया गया. शिविर में मासमो केयर आयुर्वेदिक रिसर्च सेंटर, नागपुर की टीम ने भाग लिया. टीम का नेतृत्व मोनिका शहा ने किया. सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चले इस शिविर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर टेस्ट, शारीरिक तंदुरुस्ती की जांच तथा जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन दिया गया.
करीब 40 से 50 अधिकारी और कर्मचारी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे और अपनी जांच करवाई. शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस दल के स्वास्थ्य की नियमित जांच करना, तनावपूर्ण सेवाओं से उत्पन्न बीमारियों का समय पर निदान करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखना था.
स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन शिविर में उपस्थित डॉक्टरों ने पुलिस दल को स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए. इनमें नियमित व्यायाम और संतुलित आहार लेना, पर्याप्त नींद लेना, तनाव नियंत्रण तकनीकों का अभ्यास करना, समयसमय पर स्वास्थ्य जांच कराना, धूम्रपान और मद्यपान जैसी आदतों से दूर रहना, तथा योग, प्राणायाम और ध्यान को दैनिक जीवन में शामिल करना शामिल था.
भविष्य की योजना अकोला पुलिस दल के अधिकारी और कर्मचारी कर्तव्य निभाते हुए अपने स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखें, इसके लिए ऐसे शिविरों का आयोजन आगे भी नियमित रूप से किया जाएगा. पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के साथ स्वास्थ्य की संकल्पना को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य जांच शिविरों की श्रृंखला भविष्य में भी जारी रहेगी.