अकोला में अल नीनो का खतरा; पेयजल संकट से निपटने के लिए पहली बार बना जुलाई-सितंबर का विशेष एक्शन प्लान
Akola Council Water Report: अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए अकोला में पहली बार जुलाई से सितंबर के लिए विशेष पेयजल एक्शन प्लान बनाया जा रहा है। सातों पंचायत समितियों ने प्रस्ताव भेज दिए हैं।
- Written By: केतकी मोडक
अकोला जिला परिषद ग्रामीण जलापूर्ति विभाग प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - AI Generated)
Akola Drinking Water Action Plan: संभावित अल नीनो प्रभाव और वर्षा की अनिश्चितता को देखते हुए इस वर्ष पहली बार जुलाई से सितंबर 2026 की अवधि के लिए विशेष जल संकट (पेयजल) कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अकोला जिले की सभी 7 पंचायत समितियों ने अपने-अपने क्षेत्र के प्रस्ताव जिला परिषद के ग्रामीण जलापूर्ति विभाग को भेज दिए हैं। इन प्रस्तावों का परीक्षण करने के बाद जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनय नावंदर जल्द ही अंतिम रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
राज्य सरकार के जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग ने संभावित अल नीनो प्रभाव को ध्यान में रखते हुए सभी जिलाधिकारियों को विशेष जल संकट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी वर्षा मीणा ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र जारी कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ग्रामीण जलापूर्ति विभाग को सातों पंचायत समितियों से प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। आवश्यक संशोधन के बाद अंतिम कार्ययोजना तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
पानी के उपयोग पर लगे प्रतिबंध
इस कार्ययोजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि जुलाई से सितंबर के बीच जिले में पेयजल संकट उत्पन्न होता है, तो उससे निपटने के लिए आवश्यक उपाय, वैकल्पिक जल व्यवस्था तथा अन्य राहत कार्य समय पर शुरू किए जा सकें। राज्य सरकार ने पहले ही अल नीनो की आशंका को देखते हुए जलाशयों के पानी के सिंचाई उपयोग पर कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। वहीं मानसून की धीमी शुरुआत के कारण किसान कम बारिश में ही बुवाई कर चुके हैं, लेकिन अब वर्षा की कमी से कृषि और पेयजल दोनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने भी इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना जताई है।
सम्बंधित ख़बरें
यवतमाल: मारेगांव के कृषि केंद्रों में कीटनाशकों के दामों में भारी अंतर, एक ही दवा मगर हर दुकान में अलग कीमत
ठाणे के KDMC अस्पताल में गुंडागर्दी! डॉक्टरों-नर्सों पर हमला, वीडियो देख कांपा चिकित्सा जगत
महाराष्ट्र में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए डोमिसाइल अनिवार्य, 1 अगस्त से लागू होगा नियम, परिवहन मंत्री की घोषणा
गोंदिया में किसानों को साहूकारों से बचाने की पहल, 43 हजार से अधिक किसानों ने लिया 320 करोड़ का फसल कर्ज
बनाई जा रही विशेष रिपोर्ट
ग्रामीण जलापूर्ति विभाग कार्यकारी अभियंता अतुल साळुंके ने कहा है कि अकोला जिले की सभी 7 पंचायत समितियों से संभावित जल संकट संबंधी प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इनमें आवश्यक संशोधन करने के बाद अगले 2 दिनों में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें:- नासिक में बादल फटने का खतरा! त्र्यंबकेश्वर और सप्तश्रृंगी मंदिर सहित 5 तालुकाओं में स्कूल-कॉलेज और बाजार बंद
पहली बार जुलाई-सितंबर के लिए प्लान :
- अब तक जिले में जल संकट से निपटने के लिए अक्टूबर-दिसंबर, जनवरी-मार्च और अप्रैल-जून – इन 3 चरणों के लिए कार्ययोजना तैयार की जाती थी।
- इस वर्ष अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए जुलाई से सितंबर के लिए चौथे चरण की विशेष जल संकट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
- अधिकारियों का मानना है कि यह निर्णय संभावित जल संकट से पहले ही तैयारी करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
