Akola News: एटीएम में मदद करने का बहाना बनाकर एक वरिष्ठ नागरिक से 1 लाख 47 हजार 500 रुपये की ठगी किए जाने की घटना सामने आई है. इस प्रकरण में खदान पुलिस थाने में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. घटना संत तुकाराम चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम केंद्र में घटी.
शिकायतकर्ता सदाशिव घायवट 70, निवासी न्यू महसूल कॉलनी, खडकी, जो सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और जिनका खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की कौलखेड शाखा में है, पैसे निकालने के लिए एटीएम गए थे. उसी समय बाहर खड़े दो अज्ञात व्यक्ति मदद का बहाना कर एटीएम के भीतर आ गए. उनमें से एक ने मशीन पर भाषा चुनें विकल्प में अंग्रेजी का चयन किया और दूसरे ने पिन नंबर डालने को कहा.
इसी दौरान धोखाधड़ी कर आरोपियों ने उनके खाते से 1 लाख 47 हजार 500 रुपये निकाल लिए. बाद में जब घायवट को इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. खदान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.