Akola Weather Update News: अकोला में तापमान पहुंचा 42 डिग्री सेल्सियस। मार्च की शुरुआत से गर्मी ने पकड़ी रफ्तार अकोला, ब्यूरो। गुरुवार को अकोला शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह विदर्भ में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सबसे अधिक तापमान अमरावती में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मार्च की शुरुआत से ही अकोला में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगा है। 2 मार्च को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री था जो बढ़ कर अब 42 डिग्री पर पहुंच गया है। केवल दिनों दिनों में ही पारा 3.5 डिग्री और उपर पहुंच गया है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इस वर्ष गर्मी और अधिक तीव्र होगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक बढ़ता तापमान जलवायु परिवर्तन का सीधा परिणाम है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। सूर्य की तीव्र किरणों से बचाव हेतु पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
यह करें उपाय: बाहर निकलते समय छाता, टोपी, गॉगल्स और जूते का उपयोग करना चाहिए। यात्रा के दौरान पानी की बोतल साथ रखना जरूरी है। धूप में काम करने वालों को सिर पर टोपी, स्कार्फ या तौलिया रखना चाहिए।
शरीर में पानी की कमी महसूस होने पर ओआरएस, नींबू पानी और छाछ का सेवन करना चाहिए। यदि कमजोरी, सिरदर्द, अत्यधिक पसीना या चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि पशुधन और पालतू जानवरों को छाया में रखना चाहिए और उन्हें पर्याप्त पानी देना चाहिए। घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर और सनशेड का उपयोग करना चाहिए।
कार्य स्थलों पर ठंडे पानी की व्यवस्था होनी चाहिए और गर्भवती तथा बीमार कामगारों की विशेष देखभाल की जानी चाहिए। साथ ही नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि छोटे बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहन में न छोड़ें।
दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में बाहर जाने से बचें। गहरे और मोटे कपड़े पहनने से परहेज़ करें और अधिक तापमान में शारीरिक श्रम वाले कार्य न करें। गर्मी के दिनों में रसोई को खुला रखें और बासी भोजन, शराब, चाय, कॉफी तथा कार्बोनेटेड पेय का सेवन न करें क्योंकि इससे डिहाइड्रेशन होता है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे इन सावधानियों का पालन करें।