अकोला: दुर्घटनाओं में 10% कमी का लक्ष्य, घायल की मदद करने वाले ‘रहावीर’ को मिलेंगे 25,000 और मुफ्त इलाज
अकोला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने सड़क हादसों को 10% कम करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। दुर्घटनाग्रस्तों की मदद करने वालों को ₹25,000 का इनाम और मुफ्त इलाज मिलेगा।
Akola Accident Free District News: अकोला में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का लक्ष्य वर्ष 2026 में प्राणघातक दुर्घटनाओं में 10 प्रतिशत की कमी लाना है। इस दिशा में नाकाबंदी, जनजागृति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के विजय हॉल में आयोजित बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक, मनपा, एनएचएआई, आरटीओ और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल हुए। उपविभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। बैठक में निर्देश दिए गए कि हर थाना क्षेत्र में रोजाना शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक दो स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी। इस दौरान बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर जैकेट, ब्लिंकर और ब्रेथ एनालाइजर मशीन के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
योजनाओं के जरिए राहत और प्रोत्साहन
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीएम राहत योजना के तहत दुर्घटनाग्रस्त लोगों को 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। जिले के 42 अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं।
वहीं रहावीर योजना के तहत गोल्डन आवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को महाराष्ट्र सरकार की ओर से 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ऐसे मददगारों का नाम गोपनीय रखा जाएगा और उन्हें किसी पुलिस जांच का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सम्बंधित ख़बरें
वाशिम: ग्रीष्मकालीन मूंग की आवक शुरू, मुहूर्त पर मिला 7,000 का भाव; खरीफ की तुलना में किसानों को मिली राहत
भेंडवल की पारंपरिक भविष्यवाणी 20 अप्रैल को होगी घोषित, अक्षय तृतीया पर होगी घट रचना
अकोला में स्कूलों की मनमानी पर रोक, अब विशिष्ट दुकानों से यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने की अनिवार्यता खत्म
अकोला में उष्माघात से निपटने प्रशासन अलर्ट, 137 बेड आरक्षित; 12 से 4 बजे तक सावधानी की अपील
जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना होने पर तुरंत घायलों की मदद करें और इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। यह अभियान अकोला को दुर्घटना मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
