Akola News: अकोला राजस्थानी सेवा संघ द्वारा राजस्थानी दिवस के अवसर पर शहर में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी कवि सम्मेलन को नागरिकों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। महात्मा गांधी रोड स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर ओपन थिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुंबई के आशकरण अटल, कानपुर के चंदन राय, भोपाल के मदनमोहन समर तथा नागपुर के मनीष वाजपेयी सहित अन्य कवियों ने हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और शौर्य रस की रचनाएं प्रस्तुत कर वातावरण को साहित्यिक रंगों से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं के पूजन तथा दीप प्रज्वलन से किया गया। समारोह की अध्यक्षता सेवा संघ के अध्यक्ष मनोज खंडेलवाल ने की। इस अवसर पर विधायक वसंत खंडेलवाल, पूर्व विधायक बबनराव चौधरी, पूर्व महापौर मदन भरगड़, मनपा स्थायी समिति सभापति विजय अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रास्ताविक में मनोज खंडेलवाल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उपस्थितों को गुड़ी पड़वा एवं राजस्थानी दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सीए मनोज चांडक ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष नागरिक उपस्थित रहे और कवियों का जोरदार स्वागत किया। आयोजन की सफलता के लिए खंडेलवाल समाज एवं सेवा संघ के पदाधिकारियों ने विशेष परिश्रम किया।