प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Yeoor Forest Monkey Attack: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शहर के फेफड़े कहे जाने वाले येऊर के जंगलों में अज्ञात शिकारियों या शरारती तत्वों द्वारा बंदरों को निशाना बनाया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में दो अलग-अलग घटनाओं में दो बंदरों के शरीर में तीर धंसे हुए पाए गए, जिससे पूरे इलाके के वन्यजीव प्रेमियों में भारी आक्रोश है।
वन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, महज दो दिनों के भीतर क्रूरता की दो वारदातें दर्ज की गईं। 20 मार्च और 22 मार्च को दो अलग-अलग बंदरों को तीर मारकर घायल किया गया था। इनमें से एक बंदर के गले में तीर आर-पार हो गया था, जबकि दूसरे के जबड़े में गहरा घाव था।
गनीमत रही कि स्थानीय वन्यजीव कल्याण विशेषज्ञों ने समय रहते इन घायल बंदरों को देख लिया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बंदरों को सुरक्षित पकड़ा और उनका सफल ऑपरेशन कर शरीर से तीर बाहर निकाले। फिलहाल दोनों बंदर विशेषज्ञों की देखरेख में हैं और उनका इलाज जारी है।
वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात अपराधियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। विभाग ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 3 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। येऊर के प्रवेश द्वारों और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- मंत्री नरहरी झिरवल के वायरल वीडियो से सियासी तूफान, महाराष्ट्र सरकार में हड़कंप, क्या जाएगी कुर्सी?
साथ ही वन विभाग ने यह भी घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति दोषियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी देगा, उसे 25,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शरारत नहीं बल्कि एक गंभीर अपराध है। यदि दोषियों को पकड़ा जाता है, तो उन्हें जेल की सजा और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।