
Akola News In Hindi: अकोला के सरकारी मेडिकल कॉलेज द्वारा संचालित जिला सर्वोपचार अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में गंभीर स्टाफ कमी के चलते मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ता जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने 2,425 पदों का प्रस्ताव सरकार को भेजा है, लेकिन वर्तमान में केवल 505 पदों पर ही नियुक्ति हो सकी है।
अस्पताल के लिए कुल 2,425 पदों का आकृतिबंध सरकार को भेजा गया है। इनमें डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन, फार्मासिस्ट, लिपिक और अधिकारी शामिल हैं, लेकिन अभी सिर्फ 505 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं।
महत्वपूर्ण पद खाली होने से एक ही अधिकारी को कई विभागों का काम संभालना पड़ रहा है, जिससे सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
अधिष्ठाता डॉ. संजय सोनुने ने बताया कि सरकार स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिल सके।
लगभग 800 बेड वाले अस्पताल में क्षमता से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है। पश्चिम विदर्भ के कई जिलों से मरीज यहां आते हैं।
2016 में मेडिकल कॉलेज बनने के बाद सेवाएं बढ़ीं, लेकिन मानवबल नहीं बढ़ने से सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है।






