आकाश मस्के हत्याकांड: 3 साल से गायब आरोपी हैदराबाद में गिरफ्तार, लाश को कुएं में फेंककर हुए थे फरार
Akola Crime: अकोला के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी, जो तीन साल से पुलिस को छका रहे थे, आखिरकार हैदराबाद में धरे गए। मोबाइल और सिम कार्ड बदलकर भाग रहे इन अपराधियों तक पुलिस कैसे पहुँची?
- Written By: प्रिया जैस
अकोला मर्डर केस (डिजाइन फोटो)
Akola double murder case accused arrested: अकोला शहर के बहुचर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले दोहरे हत्याकांड मामले में सिविल लाइन पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पिछले तीन वर्षों से कानून की नजरों से बचकर भाग रहे दो मुख्य आरोपियों को अंततः पुलिस की एक विशेष टीम ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित डोंगरे (22) और विश्वजीत उर्फ पप्पू टोबरे (22) के रूप में हुई है, जो दोनों अकोला के पंचशील नगर, चिखलपुरा के निवासी हैं।
नृशंस हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का गंभीर मामला
यह पूरा प्रकरण 13 मई 2023 का है, जब खरप रोड निवासी वाकोडे नामक युवक की हत्या के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता सुरेश वाकोडे के बयान पर मामला दर्ज किया था। आरोपियों पर भादंसं की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत मिटाना), 120 (बी) (साजिश) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा चलाया जा रहा है। आरोपियों ने आकाश मस्के नामक युवक का अपहरण कर उसकी निर्दयतापूर्वक हत्या कर दी थी और पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर जांभा बु स्थित एक कुएं में फेंक दिया था।
हैदराबाद में ठिकाना बदलकर रह रहे थे अपराधी
अकोला पुलिस के अनुसार, इस जघन्य अपराध में कुल 10 आरोपी शामिल थे, जिनमें से 8 को पहले ही पकड़ा जा चुका था। लेकिन अमित और विश्वजीत घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। इन तीन वर्षों के दौरान उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए बार-बार अपने मोबाइल फोन और सिम कार्ड बदले।
सम्बंधित ख़बरें
अकोला मनपा स्कूल में धूमधाम से मनाया गया प्रवेशोत्सव: महापौर शारदा खेडकर ने बांटे मुफ्त गणवेश और किताबें
मै अगर मर जाऊं तो मंदिर का फंड पास कर देना… विधानसभा सत्र में ऐसा क्यों बोल गए अकोला विधायक साजिद खान पठान?
महिदपुर में हैवानियत की हद: जमीन में हिस्सा मांगने पर महिला के बाल काटे, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
अकोला में OBC समाज की ललकार: 50% आरक्षण की सीमा हटाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर तीव्र धरना
यह भी पढ़ें – महाराष्ट्र की राजनीति का घिनौना चेहरा, निर्विरोध में अड़ंगा, तो मर्डर…विकेट गिरी बोल झूमे BJP नेता
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ये दोनों आरोपी पहचान बदलकर हैदराबाद में छिपे हुए हैं, जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और उन्हें दबोच लिया।
सिविल लाइन पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन को पुलिस निरीक्षक मालती कायटे के निर्देशन में अंजाम दिया गया। टीम में पीएसआई संदीप बालोद, दिनेश पवार, शक्ति कांबले, प्रदीप पवार, एकनाथ त्रिकाल और चालक राजू गावंडे शामिल थे। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को इस हत्याकांड से जुड़े कई और महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। आरोपियों को अकोला लाया जा चुका है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
