

Ahilyanagar School Incident:अहिल्यानगर जिले में एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा तीसरी कक्षा के छात्र के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने छात्र से कहा कि तुझे दिखाता हूं मर्डर कैसे होता है और उसके हाथ पर दांत से काट लिया। इस मामले में नगर तहसील पुलिस थाने में प्रधानाचार्य गौतम बहादुरगे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। छात्र के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका बेटा रोज की तरह स्कूल गया था।
दोपहर करीब 3 बजे वह रोते हुए घर पहुंचा। उसके हाथ पर कालेनीले निशान थे। पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना बताई। 2 छात्रों में हुआ था विवाद, एक को ही मिली सजाछात्र ने बताया कि कक्षा में दो विद्यार्थियों के बीच विवाद हुआ था। उसने इसकी शिकायत कक्षा शिक्षक से की।
शिक्षक ने प्रधानाचार्य गौतम बहादुरगे को कक्षा में बुलाया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक छात्र ने दूसरे पर झूठा आरोप लगाया कि इसीने मुझे मारा है और यह तुम्हारा मर्डर करेगा। यह सुनकर प्रधानाचार्य गुस्से में आ गए। उन्होंने छात्र का कान मरोड़ा और कहा कि क्या तुम्हें पता है मर्डर क्या होता है इसके बाद उन्होंने छात्र का दायां हाथ पकड़कर काट लिया, जिससे उसके हाथ पर कालेनीले निशान पड़ गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद छात्र को बुखार आ गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधानाचार्य ने एक छात्र को ऑफिस से चाकू लाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने पीड़ित छात्र का गला पकड़कर उसे ऊपर उठा लिया और 1 से 20 तक गिनती गिनने के बाद उसे नीचे छोड़ दिया। इसके बाद उसके हाथ पर काटने की घटना सामने आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।