(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
जलगांव : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे शनिवार को जारी कर दिए गए जिसमें महायुती गठबंधन ने महाविकास आघाड़ी को करारी शिकस्त दी है। चुनाव नतीजों में महायुति गठबंधन में शामिल दलों ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करते हुए 288 सदस्यीय विधानसभा की 230 सीट पर जीत दर्ज की है। महायुती की इस अप्रत्याशित जीत ने महाविकास आघाड़ी के नेताओं के साथ-साथ महायुती के नेताओं को भी हैरान कर दिया है।
महायुती को विधानसभा चुनाव में मतदाताओं द्वारा मिले इस प्रतिसाद (रिस्पॉन्स) को देखते हुए, अब जल्द ही स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव के लिए बिगुल बजने की संभावना व्यक्त की जा रही है। महाराष्ट्र में नगरपालिका, महापालिका, जिला परिषद, पंचायत समिती और अन्य स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव अभी तक नहीं हुए हैं।
इन स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं का संचालन पिछले कई वर्षों से प्रशासकों के माध्यम से किया जा रहा है। इसलिए, यहां जल्द से जल्द चुनाव कराने की मांग की जा रही है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में महायुती की ऐतिहासिक जीत के बाद, महायुती के नेताओं ने भी इस मामले में सकारात्मक भूमिका निभाई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद महायुती राज्य में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव कराने के लिए तैयार हो सकती है। इसलिए राज्य में जल्द ही स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव की घोषणा होने की संभावना है।
महाराष्ट्र में 26 महानगरपालिका, 25 जिला परिषद और 207 नगरपालिका और पंचायत समितियों के चुनाव लंबित हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में एक परिपत्रक जारी किया है, जिसमें मतदाता सूची के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। अब महाराष्ट्र में जनता को इन सभी स्थानीय संस्थाओं के चुनावों की प्रतीक्षा है।
महाराष्ट्र की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
बता दें कि शनिवार को जारी हुए नतीजों में महायुति ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। उसने 288 में से 230 सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नीत महा विकास आघाडी (एमवीए) महज 46 सीट पर सिमटकर रह गई। बीजेपी के उम्मीदवारों को सबसे ज्यादा सीटों पर जीत मिली। शनिवार को मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने घोषणा की कि भाजपा ने 132 सीट, शिवसेना ने 57 और राकांपा ने 41 सीट जीती हैं। वहीं, एमवीए में, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवारों ने 10 सीट, कांग्रेस ने 16 और शिवसेना (UBT) ने 20 सीट जीती हैं।