महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट (सौजन्य-सोशल मीडिया)
मुंबई: देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है। महाराष्ट्र में कुछ जिलों में बारिश जारी है तो कुछ जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी है। दूसरी ओर बारिश के लिए अनुकूल वातावरण भी तैयार हो गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश की चेतावनी दी है। वहीं मुंबई में भी बारिश का मौसम बन गया है और अगले एक-दो दिन तक बारिश की संभावना जताई गई है। विदर्भ के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का प्रकोप जारी है।
राज्य के कई हिस्सों में अब बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र समाप्त हो गया है। हालांकि, राजस्थान के पश्चिम से लेकर विदर्भ के उत्तर तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे उत्पन्न परिस्थितियों ने राज्य में वर्षा के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर दिया है। बढ़ती गर्मी के कारण वाष्पीकरण की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। इसके चलते राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने नंदुरबार, कोल्हापुर, सांगली, सातारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड में गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। सोमवार के बाद लातूर, धाराशिव, भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरोली और यवतमाल में तेज बारिश होगी। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कोंकण में मुंबई, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, ठाणे और पालघर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
जलगांव, पिंपरी चिंचवड़ और नांदेड में रविवार को तेज हवाओं के साथ आधे घंटे तक भारी बारिश हुई। महाराष्ट्र में मौसम विभाग ने पहले ही कई जिलों में भारी बारिश की संभावनाएं जताई थी। आज जलगांव जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। सुबह से ही सूरज बादलों के पीछे छिपा हुआ था। जिसके पश्चात दोपहर डेढ़ बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने बेमौसम बारिश की चेतावनी दी थी।
Maharashtra: Several parts of the Jalgaon district witnessed heavy rainfall accompanied by hailstorms pic.twitter.com/fqlh7Us6bn — IANS (@ians_india) April 13, 2025
मौसम से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
हालांकि, राज्य में बारिश का मौसम है, लेकिन सूरज की तपिश जारी है। यद्यपि बारिश के बाद कुछ समय के लिए तापमान कम हो जाता है, लेकिन आसमान साफ होते ही फिर यह पुनः बढ़ जाता है। अधिकांश क्षेत्रों में तापमान अभी भी 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। हालांकि, कुछ दिनों से तटवर्ती इलाकों में तापमान में कमी आ रही है और यह कमी पिछले कुछ दिनों से जस की तस बनी हुई है।