उज्जैन पुलिस का बड़ा खुलासा, 25 लाख की केबल चोरी और शराब तस्करी में 7 आरोपी गिरफ्तार

Ujjain Crime News : उज्जैन के भाटपचलाना में पुलिस ने पवन ऊर्जा संयंत्र की 25 लाख की केबल चोरी और 70 लीटर जहरीली अवैध शराब तस्करी मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Ujjain Police Action
पुलिस गिरफ्त में शराब तस्करी गैंगफोटो सोर्स: नवभारत
Published on
Updated on

Ujjain Cable Theft Case : उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना पुलिस ने एक साथ दो गंभीर अपराधों का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कम समय में अवैध लाभ कमाने की मानसिकता से पवन ऊर्जा संयंत्रों की महंगी केबल चोरी करने के साथ ही मानव जीवन के लिए क्षतिकारक अवैध जहरीली शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपए कीमत की चोरी गई केबल और 70 लीटर अवैध शराब बरामद की है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब सुजलोन कंपनी के स्टेट सिक्योरिटी हेड अमित यादव ने भाटपचलाना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम लिम्बास और आसपास के क्षेत्र में लगे पवन ऊर्जा पैनल से जनरेटर तक जाने वाली करीब 1254 मीटर केबल रात के समय अज्ञात बदमाश कटर से काटकर चुरा ले गए। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सफेद रंग की हुंडई कार के रात में संदिग्ध रूप से घूमने की सूचना मिली।

70 लीटर जहरीली शराब के साथ कार सवार सात आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भाटपचलाना-खाचरौद मार्ग पर हुंडई कार क्रमांक MP-13-ZP-2693 को रोककर तलाशी ली। कार से 70 लीटर मानव जीवन के लिए क्षतिकारक अवैध जहरीली शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वीरेन्द्र सिंह, मंगल सिंह, कन्हैयालाल, विजय सिंह, महेश, भोला उर्फ भोलाराम और लोकेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 49(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पूछताछ में केबल चोरी का खुलासा, 25 लाख का माल बरामद

पुलिस पूछताछ में सातों आरोपियों ने ग्राम लिम्बास क्षेत्र से पवन ऊर्जा पैनल और जनरेटर के बीच लगी केबल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सुजलोन कंपनी की करीब 1254 मीटर तांबे की मोटी केबल बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा तार काटने में इस्तेमाल ग्राइंडर कटर, 70 लीटर अवैध शराब और हुटर लगी हुंडई कार भी जब्त की गई। उज्जैन पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Ujjain Police Action
दतिया में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला, मारपीट के बाद मुंह पर फेंका एसिड! ग्वालियर रेफर

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई, पुलिस टीम की अहम भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उज्जैन प्रदीप शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप सिंह और एसडीओपी खाचरौद आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी और उनकी टीम ने की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक कन्हैयालाल मचार सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से चोरी और शराब तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क तथा संभावित साथियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com