उज्जैन: उफनते नाले में बहे सहायक सचिव का शव मिला, चंबल नदी में SDRF की टीम ने पूरा किया रेस्क्यू ऑपरेशन
Ujjain Assistant Secretary Body Found: उज्जैन के बड़नगर में दुखद अंत, उफनते नाले में बहे सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह का शव 36 घंटे बाद चंबल नदी से बरामद, एसडीआरएफ का रेस्क्यू समाप्त।
- Reported By: अजय नीमा | Edited By: सजल रघुवंशी
सहायक सचिव के शव को नदी से बाहर निकालते हुए SDRF की टीम (फोटो सोर्स:नवभारत)
Ujjain SDRF Rescue Chambal River: उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम गावड़ी लोधा में उफनते नाले में बह गए सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह (35) का शव आखिरकार चंबल नदी से बरामद कर लिया गया। 36 घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम को सफलता मिली। शव मिलने के साथ ही रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया।
थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह अपने गांव लौट रहे थे। ग्राम गावड़ी लोधा के पास स्थित पुलिया पर बारिश का पानी तेज बहाव के साथ ऊपर से गुजर रहा था, बावजूद इसके उन्होंने पुलिया पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज धार में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और वे वाहन सहित नाले में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीण, पुलिस को दी सूचना
स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व बचाव दल को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तेज बहाव और खराब मौसम के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
सम्बंधित ख़बरें
उज्जैन में दुश्मनों को फंसाने के लिए रची भाई की ‘हत्या’ की झूठी कहानी; पुलिस की वैज्ञानिक जांच ने खोला राज
CM मोहन यादव की सख्ती: 821 लंबित फाइलों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को रात भर करना पड़ा काम
मध्य प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार; जर्मनी के KFW बैंक के साथ 200 मिलियन यूरो के निवेश पर चर्चा
सद्बुद्धि हवन पर सियासी संग्राम: चप्पल पहनकर हवन करने का वीडियो वायरल, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना
लगातार चला सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और ग्रामीणों ने रातभर तथा अगले दिन भी लगातार तलाश अभियान चलाया। इस दौरान घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई, लेकिन सूर्य प्रताप सिंह का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाकर चंबल नदी तक पहुंचाया गया।
मोटर बोट से की गई तलाश
शनिवार को एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने मोटर बोट की मदद से चंबल नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयासों के बाद टीम को नदी में सूर्य प्रताप सिंह का शव मिला। शव को बाहर निकालकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें:दतिया उपचुनाव 2026: जमकर गरजे नरोत्तम मिश्रा, बोले- दतिया में विकास की रफ्तार फिर पटरी पर लानी होगी
क्षेत्र में शोक की लहर
सहायक सचिव की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलियाओं को पार नहीं करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है।
