Highlights :
उज्जैन के देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में सफाई के दौरान हादसा।
वेस्टेज चैंबर में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए।
होटल संचालक की ओर से प्रत्येक परिवार को 30-30 लाख रुपये देने की घोषणा।
Ujjain Hotel Shri Ganga Workers Death : देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में शनिवार रात सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोग और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक सब इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। हादसे के बाद होटल परिसर से लेकर अस्पताल तक अफरा तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई के लिए कर्मचारी अंदर उतरे थे। इसी दौरान चार कर्मचारी चैंबर में फंस गए। उनकी पहचान नितिन, कमलेश, वाहिद और मनोज के रूप में हुई है। पांचवां सफाईकर्मी हेमराज भी उन्हें बचाने के लिए अंदर गया लेकिन घबराहट और बेहोशी महसूस होने पर वह बाहर निकल आया।
चारों कर्मचारियों को बाहर निकालने के लिए दो अन्य लोग भी चैंबर में उतरे लेकिन उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव अभियान के दौरान एक सब इंस्पेक्टर भी घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
उज्जैन जिले में हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा होटल पहुंचे। एसपी ने रेस्क्यू टीम को जरूरी दिशा निर्देश दिए। चैंबर से प्रभावित सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार को चारों मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद मृतकों के परिजन होटल के बाहर पहुंचे। उन्होंने मृतकों की पत्नियों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। इस बीच सांसद अनिल फिरोजिया ने जानकारी दी कि होटल संचालक की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।