Highlights :
उज्जैन के देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात हादसा।
वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से चार कर्मचारियों की मौत।
बचाने पहुंचे अन्य कर्मचारी भी जहरीली गैस की चपेट में आए।
Ujjain hotel waste chamber accident : उज्जैन में देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। चैंबर में जहरीली गैस होने की आशंका है। कर्मचारियों को बचाने पहुंचे कुछ अन्य लोग भी गैस की चपेट में आ गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद देर रात तक राहत और बचाव अभियान जारी रहा।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल परिसर में बने वेस्टेज चैंबर की सफाई की जा रही थी। इस चैंबर में मिठाई, डेयरी उत्पाद और अन्य खाद्य सामग्री के अवशेष डाले जाते हैं। सफाई के लिए पहले दो कर्मचारी अंदर उतरे लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। इसके बाद उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग भी चैंबर में उतर गए। इस दौरान चारों के साथ हादसा हो गया।
बताया गया है कि चैंबर में जहरीली गैस बनने या लीक होने की आशंका है। अंदर उतरे कर्मचारियों को बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए। सभी प्रभावित लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की। अस्पताल में मेडिकल टीम भी तैनात की गई।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक दो कर्मचारी सफाई के लिए टैंक में उतरे थे। जब वे काफी देर तक बाहर नहीं आए तो दो अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए अंदर गए। इसके बाद चार लोगों की मौत की सूचना मिली। उज्जैन कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है।
उज्जैन शहर एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक चैंबर में गैस लीक होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि अंदर का फर्श बेहद फिसलन भरा हो गया था जिससे कर्मचारी गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए अंदर गए लोग भी हादसे का शिकार हुए। हालांकि गैस के प्रकार और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
होटल परिसर में बने इस चैंबर में मिठाई और डेयरी उत्पादों के निर्माण से निकलने वाले कचरे, पानी, चाशनी, घी और तेल के अवशेष जमा किए जाते थे। बताया गया है कि ड्रेनेज व्यवस्था से जुड़े इस चैंबर में जाम की समस्या के कारण सफाई की जा रही थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।