22 साल का लड़का कर रहा था अवैध तस्करी, उज्जैन पुलिस ने दबोचा, 1 करोड़ की बीयर खेप को किया जब्त
Madhya Pradesh News: उज्जैन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नानाखेड़ा पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की अवैध बीयर की खेप पकड़ी है।
- Written By: सजल रघुवंशी
Illegal Beer Seized In Ujjain: उज्जैन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नानाखेड़ा पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की अवैध बीयर की खेप पकड़ी है। इस मामले में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि पुलिस ने यह कार्रवाई सूचना के आधार पर की थी।
दरअसल, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने निनोरा टोल के पास एक ट्रक को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 900 पेटी बीयर बरामद की गई, जिसमें करीब 21 हजार 600 कैन शामिल थीं। जब्त की गई बीयर की कुल मात्रा लगभग 10,800 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
22 साल का लड़का कर रहा था अवैध परिवहन
बता दें कि पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है। इस ट्रक की कीमत 55 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक रवि चौहान जिसकी उम्र महज 22 साल है, उसे और उसके साथी गमरा गुजरिया (26) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अलीराजपुर जिले के रहने वाले हैं और प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने अवैध परिवहन की बात को कबूल लिया।
सम्बंधित ख़बरें
12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के संकल्प के साथ ट्रैक्टर से देश भ्रमण पर निकले रॉकी, पहुंचे महाकाल की नगरी उज्जैन
स्कूल चले हम अभियान: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दी छात्राओं के सपनों को नई उड़ान
राज्यसभा नामांकन विवाद पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, भोपाल में निर्वाचन आयोग का पुतला दहन, जमकर की नारेबाजी
कांग्रेस पर बरसे विश्वास सारंग, कहा- RSS पर बोलने की खड़गे की हैसियत नहीं, UCC से मजबूत होगी देश की एकता
इस धारा के तहत दर्ज हुआ मामला
बता दें कि, यह अवैध बीयर की खेप निनोरा टोल के रास्ते से मध्य प्रदेश के इंदौर की ओर ले जाई जा रही थी। नगर पुलिस अधीक्षक श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में नानाखेड़ा पुलिस टीम ने योजना बनाकर ऑपरेशन चलाया, बताया जा रहा है कि ऑपरेशन को इस तरह से प्लान किया गया कि आरोपियों को भागने का मौका ही नहीं मिला। उज्जैन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: IPS Transfer: MP में देर रात बदले कई जिलों के कप्तान , 62 IPS अफसरों का तबादला, यहां देखें पूरी लिस्ट
नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों की खोज में लग गई है। गौरतलब है कि, इससे पहले 16 अप्रैल 2026 को भी नानाखेड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 44 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, दो लग्जरी वाहन और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की थी। उस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। इस मामले से इंदौर, उज्जैन और गुजरात तक फैले शराब तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
