(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
उमरिया : मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य (बीटीआर) से आज फिर एक दुखद खबर आई है। यहां झुंड से बिछड़े हाथी के एक तीन महीन के बच्चे की रविवार सुबह मौत हो गई। इस घटना के साथ ही बीटीआर में पिछले कुछ दिनों में मरने वाले हाथियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। हाथी का यह बच्चा शुक्रवार को बीमार हालत में मिला था। उसके झुंड ने उसे बीटीआर के बफर जोन में छोड़ दिया था, जिससे वह झुंड से बिछड़ गया।
BTR के उप निदेशक प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि हाथी का बच्चा तीन दिन पहले पनपथा बफर रेंज में बेहोशी की हालत में मिला था। इसके बाद से बच्चे का रामा हाथी शिविर में इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और रविवार सुबह करीब छह बजे उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि नियमों के अनुसार उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अधिकारी के अनुसार बच्चे की उम्र लगभग तीन महीने की थी।
यह भी पढ़ें- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अब सैटेलाइट कॉलर से रखी जाएगी हाथियों पर नजर
बता दें कि हाल ही में बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के खलील रेंज के अंतर्गत सांखनी और बकेली में 29 अक्टूबर को चार जंगली हाथी मृत पाए गए थे। इसके बाद 30 अक्टूबर को चार और 31 अक्टूबर को दो अन्य हाथियों की मौत हो गई थी। इस तरह अक्टूबर के आखिरी तीन दिनों में अभयारण्य में 10 हाथियों की मौत होने से यहां वन विभाग के अधिकायरियों में हड़कंप मच गया था। इन हाथियों की मौत के मामले में पहले जहर से मौत का अंदेशा जताया जा रहा था। हालांकि जांच में पता चला कि उनकी आंत में न्यूरोटॉक्सिन साइक्लोपियाज़ोनिक एसिड था, लेकिन यह ज़हर का मामला नहीं था।
यह भी पढ़ें- बिना मिट्टी के उगाया कश्मीर की बर्फीली वादियों वाला केसर, जानें इंदौर के किसान ने कैसे किया कमाल
(एजेंसी इनपुट के साथ)