MP News: शहडोल में SECL की बंगवार कोयला खदान में बड़ा हादसा; छत धंसने से मलबे में दबे कई मजदूर, 2 की मौत
SECL Accident Two Workers Died: शहडोल में SECL की बंगवार भूमिगत खदान की छत धंसने से 2 मजदूरों की मौत हो गई, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और पुलिस को देरी से सूचना देने पर गई गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
- Reported By: दीपक ताम्रकार | Edited By: सजल रघुवंशी
शहडोल में बड़ा हादसा 2 श्रमिकों की मौत (सोर्स- सोशल मीडिया)
Shahdol SECL Bangwar Mine Accident: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में स्थित एसईसीएल की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान के भीतर छत का हिस्सा अचानक धंसने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक श्रमिक घायल हो गए।
घायलों में चार मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्टापिंग वॉल निर्माण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना दूसरी पाली के दौरान दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। उस समय खदान के अंदर मजदूर स्टापिंग वॉल निर्माण का कार्य कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक खदान की छत का कमजोर हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। मिट्टी और चट्टानों के भारी मलबे की चपेट में कई मजदूर आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि श्रमिकों को बचने का मौका तक नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद खदान के भीतर मौजूद कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना देकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।
सम्बंधित ख़बरें
भोपाल के हथाईखेड़ा डैम में नियमों की उड़ रही धज्जियां, प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा-VIDEO
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 640 लीटर संदिग्ध घी जब्त, 21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को झटका, विशेष अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पुलिया से गहरे नाले में गिरी कार; डूबने से 5 युवकों की मौके पर मौत
रेस्क्यू में देरी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद सोहागपुर एरिया की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। हालांकि स्थानीय लोगों और श्रमिकों ने आरोप लगाया कि बचाव दल समय पर नहीं पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने मलबे में फंसे छह मजदूरों को बाहर निकाला। इस बीच खदान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि श्रमिकों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना जोखिम भरे कार्य कराए जा रहे थे। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि हादसे के लगभग एक घंटे बाद तक स्थानीय एमपी पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई।
चार गंभीर घायलों को किया गया रेफर
घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से केंद्रीय चिकित्सालय बुढ़ार और जिला अस्पताल शहडोल जिला पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक कई मजदूरों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चार श्रमिकों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
यह भी पढ़ें: MP News: जबलपुर में बंद मकान से आ रही थी बदबू, दरवाजा खुला तो किचन में मिला महिला का शव; जानें पूरा मामला
जांच शुरू, प्रभावित क्षेत्र किया गया सील
हादसे के बाद खदान प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्र को सील कर दिया है। अधिकारियों ने छत धंसने के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान ऊपर की परत कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल खदान की संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा मानकों और वेंटिलेशन सिस्टम की जांच की जा रही है। प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
