सिवनी में बारिश के बीच दर्दनाक हादसा: नाले में बहने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, बेटे के बचाने के लिए मां भी कूदी
Seoni Rain Accident : सिवनी के खैरीटेक क्षेत्र में तेज बहाव वाले नाले में बहने से 4 वर्षीय मासूम ऋषि यादव की मौत हो गई। बेटे को बचाने नाले में कूदी मां को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
- Reported By: मनीष तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
नाले में बहा 4 साल का मासूम (फोटो सोर्स- नवभारत)
Seoni Child Drowns in Drain: सिवनी जिले में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश अब लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरीटेक इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तेज बहाव वाले बरसाती नाले में बहने से चार वर्षीय मासूम ऋषि यादव की मौत हो गई। बेटे को बचाने के लिए नाले में कूदी उसकी मां की जान तो बच गई, लेकिन वह अपने इकलौते बेटे को नहीं बचा सकी।
जानकारी के अनुसार खैरीटेक क्षेत्र में नाले के किनारे बने मकान में रहने वाली सुनीता यादव बुधवार को अपने चार वर्षीय बेटे ऋषि यादव को घर के पीछे शौच कराने ले गई थी। घर के पीछे ही बरसाती नाला बहता है, जिसमें लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान मासूम ऋषि का पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा।
बेटे को बचाने नाले में कूद गई मां
बेटे को पानी में बहता देख मां सुनीता यादव ने बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी। मां-बेटे को बहते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस तथा बचाव दल को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद सुनीता यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सम्बंधित ख़बरें
ड्रग केस में जांच तेज: सोशल मीडिया इन्फुलेंसर से 6 घंटे पूछताछ, एमडी ड्रग्स और सट्टा कनेक्शन की भी पड़ताल
MP Weather Update: 3 स्ट्रॉन्ग सिस्टम से लगातार हो रही बारिश, अगले 24 घंटे बेहद भारी, 17 जिलों में अलर्ट
इंदौर में कांग्रेस का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, बेरोजगारी और पेपर लीक पर सरकार को घेरा
भोपाल: राहुल गांधी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, व्यापम चौराहे पर नारेबाजी, कांग्रेस ने गुलाब से किया स्वागत
कुछ दूरी पर मिला मासूम का शव
तेज बहाव में बह चुके मासूम ऋषि की तलाश लगातार जारी रही। कुछ दूरी पर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें : इंदौर में छात्रों के बीच पहुंचे दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी; शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर सरकार को घेरा
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास बच्चों को अकेला न छोड़ें और विशेष सतर्कता बरतें। यह हादसा बरसात के मौसम में बढ़ते जलस्तर और लापरवाही के खतरों की एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।
