बरगी डैम हादसे की जांच के आदेश, पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक, CM बोले- होगी कड़ी कार्रवाई

CM Mohan Action in bargi dam Accident: बरगी डैम हादसे के बाद एक्शन में मुख्यमंत्री मोहन यादव, हादसे की जांच के दिए आदेश, पर्यटन मंत्री ने पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर लगाई रोक
CM Mohan Yadav Action In Cruise Accident
मुख्यमंत्री मोहन यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Cruise Accident Investigation: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। इधर पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी है। राज्य में जितने भी क्रूज चल रहे हैं, उनकी जांच की जाएगी। सेफ होने पर ही क्रूज संचालन की अनुमति दी जाएगी।

बरगी डैम में गुरुवार शाम को तेज तूफान की वजह से पर्यटकों से भरा क्रूज डूब गया था। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे के बाद एक्शन में आए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएम ने कहा कि जांच बैठा दी गई है और अब रिपोर्ट का इंतजार है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे से बहुत दुखी हूं

CM ने कहा कि इस तरह के हादसों से मन व्यथित हो जाता है और मैं बहुत दुखी हूं। क्रूज सफारी के दौरान सभी को लाइफ जैकेट पहननी चाहिए। संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी और उसे आधा-अधूरा बांधा था।

जान बचाने वालों का होगा सम्मान

मुख्यमंत्री यादव के मुताबिक बचाव दल पूरी सक्रियता के साथ रेस्क्यू में लगा हुआ है। अब तक 29 लोगों को बचाया जा चुका है। डूबे हुए क्रूज को काटकर लोगों को तलाशा जा रहा है। रेस्क्यू दल की तत्परता से कई लोगों की जान बच पाई है। ऐसे में NDRF और SDRF के उन जवानों को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने लोगों की जान बचाई है।

MP में क्रूज संचालन पर रोक

इधर बरगी डैम हादसे के बाद पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है। अगर कोई लापरवाही पाई जाती है तो कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। पूरे राज्य में जितने भी क्रूज ऑपरेट हो रहे हैं, पहले उनकी जांच की जाएगी। क्रूज के सेफ होने पर ही संचालन शुरू किया जाएगा।

कब क्या हुआ?

गुरुवार शाम को पर्यटक बरगी डैम में क्रूज सफारी का मजा ले रहे थे। इसी दौरान तेज तूफान के चलते बोट का संतुलन बिगड़ गया और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। डबल डेकर क्रूज में मौजूद लोग पानी में छलांग लगाने लगे। निचले डेक में तेजी से पानी भरा, जिसके चलते लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे क्रूज के साथ ही नर्मदा में समा गए। इनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल थीं। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com