सागर में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ मार्च, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता; सरकार के खिलाफ लगाए नारे
Congress March In Sagar: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कमेटी ने सड़कों पर उतरकर पैदल यात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी की।
- Written By: सजल रघुवंशी
सागर में कांग्रेस का पैदल मार्च (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sagar Congress Protest Petroleum Price Hike: मध्य प्रदेश के सागर में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी ने सड़कों पर उतरकर पैदल यात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और अब जनता को अपने ही खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।
सागर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में पैदल यात्रा निकाली। यह यात्रा राजीव गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई और तीन बत्ती, कटरा जामा मस्जिद होते हुए राधा तिराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘जो सरकार निकम्मी है, वह सरकार बदलनी है’ और ‘बस एक ही भूल, कमल का फूल’ जैसे नारे लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं में महंगाई को लेकर गुस्सा साफ नजर आया। यात्रा के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
सम्बंधित ख़बरें
‘मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ…’, भोपाल में ‘AAP’ का मेलोडी प्रोटेस्ट; पेट्रोल पंपों पर बांटी टॉफी
जबलपुर के गोहलपुर में दिन-दहाड़े गुंडागर्दी, फर्नीचर दुकान के सामने पेशाब करने से रोका, तो बेरहमी से पीटा
‘वैश्विक मंच पर बढ़ा भारत का मान…’, PM Modi के सफल 12 वर्ष पर सीएम मोहन यादव ने दी बधाई; कही बड़ी बात
पिता समान चाचा बना ‘हैवान’, सागर में 9 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की कोशिश; पुलिस ने आरोपी को दबोचा
जिला अध्यक्ष महेश जाटव ने क्या कहा?
कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। लोग अब अपने बच्चों के खर्च तक कम करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग गाड़ियों से सफर करते थे, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग पैदल चलने को मजबूर हो रहे हैं।
किसानों पर भी पढ़ रहा महंगाई का असर- कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि महंगाई का असर केवल आम आदमी पर ही नहीं, बल्कि किसानों पर भी पड़ रहा है। डीजल महंगा होने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। ट्रैक्टर, सिंचाई पंप और माल ढुलाई सब कुछ महंगा हो गया है, जिससे किसान परेशान हैं। पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों को टैक्स में कटौती करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने खर्च कम करने की बजाय जनता की जेब पर बोझ डाल रही है।
मुकुल पुरोहित ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता मुकुल पुरोहित ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता को कलम की नोक पर लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले डाकू बंदूक की नोक पर लूटते थे, लेकिन अब सरकार महंगाई के जरिए जनता को लूट रही है।
यह भी पढ़ें: ‘मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ…’, भोपाल में ‘AAP’ का मेलोडी प्रोटेस्ट; पेट्रोल पंपों पर बांटी टॉफी
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव, युवा कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सागर में कांग्रेस का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों को लेकर देशभर में बहस तेज है। अब देखना होगा कि सरकार इस विरोध पर क्या प्रतिक्रिया देती है।
