

Bhopal Congress Protest: बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में भोपाल में कांग्रेस ने रोशनपुरा चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता जताई।
बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार से ईंधन की कीमतों में राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मौजूद तख्तियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए लिखा था 'मेलोडी खाओ और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का गम भूल जाओ।' बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट की थी।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार धीरे-धीरे जनता को महंगाई का जहर दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि राज्य सरकार वैट टैक्स में कमी कर दे तो पूरे मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें कम हो सकती हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर ऐसा नहीं कर रही है।
पीसी शर्मा ने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम हो रहे हैं, जबकि भारत में लगातार कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भारत अब पाकिस्तान से भी पीछे हो गया है? इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें पेट्रोल को लोन पर लेने जैसी बात कही गई थी। कांग्रेस नेताओं ने इसे आम जनता की परेशानियों का मजाक बताया।
युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा कि महंगाई से हर वर्ग परेशान है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लगातार कीमतें बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार को तुरंत राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में कमी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।