

रीवा जिले में सर्राफा व्यापारी से लाखों रुपये की लूट का मामला।
इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई वारदात।
देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को बनाया निशाना।
Jewellery Trader Robbery Case Rewa: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में अपराधियों के बेखौफ हौसलों का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीसीटीवी में बाइक सवार बदमाश भी नजर आए हैं।
देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले व्यापारी का पीछा किया और फिर सुनसान रास्ता देख चलती बाइक में लात मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद सोने-चांदी के गहने और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के आजाद नगर निवासी दीपू सोनी जो देविका ज्वेलर्स के संचालक हैं। वह सर्राफा बाजार से गहने खरीदकर अपनी दुकान पर वापस आ रहे थे। रात करीब 10 बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश उनके पीछे लग गए। व्यापारी को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दूरी पर बदमाश उनके साथ बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि, जैसे ही व्यापारी अपनी दुकान के पास पहुंचा वैसे ही पीछा कर रहे बदमाशों ने उनकी बाइक में जोरदार लात मारी। जिसकी वजह से व्यापारी का नियंत्रित बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बदमाशों ने उनके पास मौजूद गहने और नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। व्यापारी के अनुसार बैग में करीब 900 ग्राम चांदी, 40 ग्राम सोना और 12 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
लूट की यह वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अमहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मनोज गौतम के मुताबिक, लूट की सूचना मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।