जबलपुर में 4 हजार नशीले इंजेक्शन जब्त, प्रयागराज से लाकर करते थे सप्लाई, दो तस्कर गिरफ्तार

4000 Drug Injection Seized : जबलपुर में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 4 हजार नशीले इंजेक्शन जब्त किए। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार। प्रयागराज से इंजेक्शन लाकर करते थे सप्लाई ।
Jabalpur drug injection seizure
क्राइम ब्रांच ने 4 हजार नशीले इंजेक्शन जब्त किएफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • जबलपुर में पुलिस ने 4 हजार नशीले इंजेक्शन जब्त किए।

  • बेलबाग निवासी जयंत राय और अमित पैगवार गिरफ्तार।

  • 2 हजार एविल और 2 हजार ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद।

  • प्रयागराज से इंजेक्शन लाकर जबलपुर में बेचने का आरोप।

Jabalpur Crime Branch Seized Drug Injection : जबलपुर शहर में नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार हजार इंजेक्शन जब्त किए हैं। संयुक्त टीम ने बेलबाग निवासी दो आरोपियों जयंत राय और अमित पैगवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से नशीले इंजेक्शन खरीदकर जबलपुर लाते थे और यहां नशे के आदी लोगों को फुटकर में बेचते थे।

कार में इंजेक्शन रखकर डिलीवरी देने जा रहे थे आरोपी

जबलपुर जिले में पुलिस को सूचना मिली थी कि फोर्ड फिगो कार में नशीले इंजेक्शन लेकर दो युवक डिलीवरी देने जा रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच ओमती और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत पेट्रोल पंप के सामने घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार की जांच के दौरान चार थैलों में रखे नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।

एविल और ब्यूप्रेनॉर्फिन के इंजेक्शन जब्त

पुलिस के अनुसार जब्त इंजेक्शनों में दो हजार एविल और दो हजार ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 34 हजार 300 रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड फिगो कार के साथ आरोपियों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

प्रयागराज से खरीदकर जबलपुर में करते थे सप्लाई

पूछताछ में आरोपियों ने प्रयागराज शहर से इंजेक्शन खरीदकर जबलपुर लाने और यहां फुटकर में बेचने की बात बताई है। पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि प्रयागराज में उन्हें इंजेक्शन कौन उपलब्ध कराता था और जबलपुर में किन लोगों तक इनकी सप्लाई की जाती थी।

Jabalpur drug injection seizure
खंडवा में रामेश्वर शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- राहुल गांधी की राजनीति पार्टी को तहस नहस कर देगी

ड्रग्स कंट्रोल और NDPS एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है। एएसपी जितेंद्र सिंह के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।