रीवा कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में युवती ने बनाई इंस्टाग्राम रील, वीडियो वायरल होने के बाद जांच के आदेश
Rewa Collectorate News : रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में फिल्मी गाने पर बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। अधिकारियों के मीटिंग हॉल में वीडियो बनने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
- Reported By: अर्पित पाण्डेय | Edited By: प्रीतेश जैन
मीटिंग हॉल में युवती ने बनाई रील (फोटो सोर्स- नवभारत)
Rewa Collectorate Viral Reel : रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में फिल्मी गाने पर बनाई गई एक इंस्टाग्राम रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठकों के लिए उपयोग होने वाले इस सरकारी सभागार में एक युवती के वीडियो शूट करने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी परिसरों में प्रवेश को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मोहन सभागार में एक युवती ने फिल्मी गाने पर रील बनाई। बाद में यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जहां से यह तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि वीडियो ‘प्रिया शुक्ला’ नाम की आईडी से शेयर किया गया था। वायरल वीडियो में युवती सरकारी मीटिंग हॉल के भीतर अलग-अलग एंगल से वीडियो बनाती दिखाई दे रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मोहन सभागार जिला प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है, जहां समय-समय पर कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें आयोजित होती हैं। ऐसे स्थान पर बिना अनुमति किसी व्यक्ति का पहुंचना और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों को कई बार अधिकारियों से मिलने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, जबकि इस मामले में सरकारी परिसर के भीतर आसानी से वीडियो बना लिया गया।
सम्बंधित ख़बरें
राम मंदिर ट्रस्ट को कांग्रेस का पत्र, दान मामले के आरोपियों के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग
सीधी कलेक्ट्रेट में हाईवोल्टेज ड्रामा: नशे में SDM कोर्ट तक बुलेट ले गया अधिवक्ता, पुलिस ने हिरासत में लिया
CM मोहन यादव ने मुरैना की 440 मेगावॉट सोलर परियोजना को बताया युगांतरकारी,कहा- ऊर्जा क्षेत्र में नया इतिहास
रतलाम: नाबालिग का पीछा करने वाले युवक ने तलवार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, वायरल हुआ वीडियो
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मामले के सामने आने के बाद प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों और प्रशासनिक परिसरों का उपयोग निजी रील या सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए नहीं किया जा सकता। यह पता लगाया जा रहा है कि युवती सभागार तक कैसे पहुंची और उसे वहां प्रवेश किसने दिया?
ये भी पढ़ें : सीधी कलेक्ट्रेट में हाईवोल्टेज ड्रामा: नशे में SDM कोर्ट तक बुलेट ले गया अधिवक्ता, पुलिस ने हिरासत में लिया
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
