रीवा में बड़ा हादसा टला: 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरा एक साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला
Child Fell Into Pit: रीवा के गोविंदगढ़ में एक साल का मासूम 10 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
- Reported By: अर्पित पाण्डेय | Edited By: प्रीतेश जैन
बच्चे को बाहर निकालता पुलिसकर्मी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Rewa Child Rescue Operation: रीवा के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब खेलते-खेलते एक साल का मासूम बच्चा करीब 10 फीट गहरे और बेहद संकरे गड्ढे में गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के महाजन टोला निवासी बाबू केवट का एक वर्षीय पुत्र शिवेंद्र केवट घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पिलर निर्माण के लिए खोदे गए लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। गड्ढा करीब एक फीट चौड़ा होने के कारण बच्चे तक सीधे पहुंचना संभव नहीं था, जिससे रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण बन गया।
पुलिस ने शुरू किया बच्चे को बचाने का प्रयास
मासूम के गड्ढे में गिरने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए।
सम्बंधित ख़बरें
अपनी तो जैसे-तैसे… गाने पर झूमते नजर आए कांग्रेस विधायक महेश परमार, प्रशिक्षण शिविर का वीडियो वायरल
मऊगंज में युवती ने लगाया धर्म छुपाकर शोषण, अपहरण और मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
प्रीतम लोधी का बड़ा खुलासा: 65 केस झेले, जेल गया लेकिन विचारधारा नहीं छोड़ी, कांग्रेस पर प्रताड़ना का आरोप
विकास भी पर्यावरण भी: भोपाल के अयोध्या बायपास का होगा चौड़ीकरण, कटने वाले पेड़ों से 10 गुना ज्यादा लगेंगे पौधे
2 घंटे बाद मिली सफलता
शुरुआत में रस्सी और अन्य संसाधनों की मदद से बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की गई, लेकिन गड्ढे की गहराई और संकरी चौड़ाई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस की निगरानी में गड्ढे के समानांतर दूसरा गड्ढा खोदने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर लगातार दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं लगी
आखिरकार टीम बच्चे तक पहुंचने में सफल रही और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मासूम के बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। बाद में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है।
ये भी पढ़ें : मऊगंज में युवती ने लगाया धर्म छुपाकर शोषण, अपहरण और मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों ने की पुलिस की सराहना
इस सफल रेस्क्यू अभियान के बाद परिजनों ने गोविंदगढ़ पुलिस और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। समय रहते किए गए प्रयासों से एक मासूम की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टला।
