20 लाख के लोन के लिए बेटे ने जिंदा पिता को कागजों में मरा दिखाया, खुद के अंतिम संस्कार की भी बनवाई फर्जी रसीद
Son Declares Father Dead: राजगढ़ के खिलचीपुर में बेटे ने 20 लाख रुपए के बैंक लोन के लिए पिता को कागजों में मृत घोषित कर दिया। लोन की किस्त भरने से बचने के लिए खुद के अंतिम संस्कार की रसीद भी बनवा ली।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
पीड़ित पिता (फोटो सोर्स- नवभारत)
Rajgarh Fraud Case: राजगढ़ जिले के खिलचीपुर से जालसाजी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने बैंक से ₹20 लाख का लोन हासिल करने के लिए अपने जिंदा पिता को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया। इतना ही नहीं, लोन की किस्तों से बचने के लिए उसने खुद को भी कागजों में मृत साबित करने की कोशिश की और इसके लिए फर्जी अंतिम संस्कार रसीद तक तैयार करवा ली। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खिलचीपुर निवासी दिनेश गुप्ता को तब पूरे मामले की जानकारी मिली, जब उन्हें बैंक से लिए गए एक बड़े लोन के बारे में पता चला। संदेह होने पर उन्होंने बैंक पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कराई। बैंक रिकॉर्ड देखकर वे हैरान रह गए, क्योंकि दस्तावेजों में उन्हें मृत दर्शाया गया था।
पिता को दस्तावेजों में मृत बताया
आरोप है कि दिनेश गुप्ता के बेटे ने पहले फर्जी दस्तावेज तैयार किए। उसने किसी अन्य व्यक्ति की दुकान और मकान को कागजों में अपने पिता के नाम दर्ज कराया। इसके बाद पिता को मृत बताकर उक्त संपत्ति अपनी मां और स्वयं के नाम ट्रांसफर करवा ली। इसी आधार पर बैंक से करीब 20 लाख रुपए का लोन भी ले लिया।
सम्बंधित ख़बरें
Indore News: फेसबुक पर भाई बनकर ठगा, सोना भेजने का झांसा देकर महिला से ठगे 12.50 लाख रुपए
गुना: अपनी ही सरकार पर बरसे भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य, ऊर्जा मंत्री और प्रभारी मंत्री को घेरा
कान्हा में बाघ के शावकों की अटखेलियों ने मोहा मन, वन्यजीवों के लिए बनाए गए जल स्रोत बने जीवनदायिनी
उज्जैन: जमीन विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, लोहे के एंगल से हमला कर 2 लोगों को किया गंभीर घायल
किस्त भरने से बचने के लिए अंतिम संस्कार की रसीद बनवाई
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार लोन की किस्तों के भुगतान से बचने के लिए आरोपी ने खुद को भी मृत साबित करने की साजिश रची। इसके लिए नगर परिषद खिलचीपुर के नाम से एक कथित अंतिम संस्कार रसीद तैयार करवाई गई। जब इस दस्तावेज की जांच की गई तो नगर परिषद ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया।
पिता ने दर्ज करवाई शिकायत
पीड़ित पिता दिनेश गुप्ता ने मामले की शिकायत खिलचीपुर थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें : Indore News: फेसबुक पर भाई बनकर ठगा, सोना भेजने का झांसा देकर महिला से ठगे 12.50 लाख रुपए
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
