Sehore News: इछावर में फाइनेंस कर्मियों की दबंगई, अंतिम संस्कार के लिए रखे 2 लाख रुपये लूटे; मामला दर्ज

Finance Company Workers Looted 2 Lakhs: फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर महिला के घर से 2 लाख रुपये ले जाने का आरोप लगा है। महिला का कहना है कि यह रकम उसने अपने पति के अंतिम संस्कार के लिए रखी थी।
Ichhawar Finance Company Loot Case 2 Lakh Rupees Looted From Victim
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने लूटे 2 लाख रूपये (सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Ichhawar Finance Company Loot Case: सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम वीरपुर में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर एक महिला के घर से 2 लाख रुपये ले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला का कहना है कि यह रकम उसके पति के अंतिम संस्कार के लिए रखी गई थी। महिला के अनुसार, कर्मचारियों ने जबरन घर में प्रवेश कर पैसे अपने कब्जे में ले लिए।

विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और झूमाझटकी भी की गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने इछावर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

75 हजार का लिया था कर्ज

पीड़ित महिला संतु बाई ने बताया कि उन्होंने फाइनेंस समूह से 75 हजार रुपये का ऋण लिया था। उनके अनुसार, वह कर्ज की अधिकांश रकम चुका चुकी थीं और केवल 4,100 रुपये की अंतिम किस्त बाकी थी। महिला का आरोप है कि इसी बकाया राशि की वसूली के लिए समूह के 8 से 10 कर्मचारी उनके घर पहुंचे थे।

कर्मचारियों ने दिखाया हिंसक रवैया

संतु बाई के मुताबिक, जब फाइनेंस समूह के कर्मचारी उनके घर पहुंचे तो उन्होंने उनकी बेटी से संतु बाई के बारे में पूछा। बेटी ने बताया कि वही उसकी मां हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने बकाया किस्त जमा करने की मांग की। संतु बाई ने उन्हें बताया कि वह घर के अंदर से पैसे लेकर आती हैं। महिला का कहना है कि इसी दौरान कर्मचारियों का व्यवहार आक्रामक हो गया और विवाद की स्थिति बन गई।

'औकात नहीं होती तो लोन क्यों लेते हो'

संतु बाई का आरोप है कि जैसे ही वह पैसे लेने घर के अंदर गईं, उसी दौरान कर्मचारियों ने कथित तौर पर घर में घुसकर 2 लाख रुपये निकाल लिए। परिवार के लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो कर्मचारियों ने झूमाझटकी और गाली-गलौज की। पीड़ितों के अनुसार, कर्मचारियों ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि जब तुम लोगों की औकात नहीं होती तो समूह से लोन क्यों लेते हो। घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़ित परिवार तुरंत इछावर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बताया गया है कि थाने पर भी पीड़ित परिवार और समूह के कर्मचारियों के बीच बहस और झूमाझटकी की स्थिति बनी थी। ग्रामीणों ने  एमपी पुलिस से मांग की है कि इन समूह कर्मियों के खिलाफ डकैती और लूट का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने महिला के पैसे वापस दिलाने की भी अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com