

Panna Diamond Found : पन्ना में हीरा खदान में मेहनत कर रहे एक दंपति को दो दिनों के भीतर एक साथ चार हीरे मिले हैं। झांसी निवासी गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास को सरकोहा क्षेत्र में लगाई गई खदान से कुल 5.16 कैरेट वजन के चार हीरे मिले।
दंपति ने सभी हीरों को पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। हीरा पारखी के अनुसार, इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए है। हालांकि, वास्तविक कीमत आगामी शासकीय नीलामी में तय होगी।
गुड्डी देवी और राजकुमार श्रीवास मूल रूप से झांसी के रहने वाले हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति और वहां काम ठीक नहीं चलने के बाद उन्होंने पन्ना की हीरा खदानों से जुड़ी खबरें सोशल मीडिया पर देखीं। इसके बाद दंपति ने पन्ना आकर हीरा खदान लगाने का फैसला किया। गुड्डी अपने पति और बच्चों के साथ मायके पन्ना आईं और सरकोहा क्षेत्र में खदान लगाकर करीब छह महीने तक लगातार मेहनत की।
दंपति को गांधी जयंती के मौके पर दो दिनों के भीतर चार हीरे मिले। गुड्डी देवी ने हीरे मिलने की सूचना हीरा पारखी अनुपम सिंह को दी। इसके बाद गांधी जयंती के अवकाश के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्यालय पहुंचे और दंपति से हीरे प्राप्त कर उन्हें नियमानुसार जमा कराया।
हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है। इनमें 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो उज्ज्वल किस्म के हीरे शामिल हैं। इसके अलावा 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट वजन के दो मैला किस्म के हीरे मिले हैं। पारखी के आकलन के मुताबिक, चारों हीरों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए हो सकती है।
पन्ना हीरा खदान में हीरे मिलने से पूरा परिवार खुश है। गुड्डी देवी ने इसे छह महीने की मेहनत और माता रानी का आशीर्वाद बताया। उनका कहना है कि नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए किया जाएगा। पति राजकुमार श्रीवास ने भी कहा कि रकम का इस्तेमाल बच्चों की बेहतर शिक्षा और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया जाएगा।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि चारों हीरों को नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। इन्हें आगामी शासकीय नीलामी में बोली के लिए रखा जाएगा। नीलामी में मिलने वाली बोली के आधार पर ही इनकी वास्तविक कीमत तय होगी। छह महीने की मेहनत के बाद एक साथ चार हीरे मिलने से दंपति और उनका परिवार बेहद खुश है।