पन्ना में फिर चमकी किस्मत, आदिवासी किसान को मिला 30 लाख का चमचमाता हीरा; 2 साल पहले भी मिला था 93 लाख का खजाना

Diamond Mining Panna: पन्ना में फिर चमकी किस्मत, अहिरगवां में आदिवासी किसान राकेश को मिला 30 लाख का कीमती हीरा, 2 साल पहले भी इसी परिवार को मिला था 93 लाख का रत्न।
Tribal farmer finds ₹30 lakh diamond in Panna diamond mines
पन्ना में किसान को मिला हीरा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Panna Farmer Found Diamond: कहते हैं किस्मत जब मेहरबान होती है तो जिंदगी की तस्वीर बदलने में देर नहीं लगती और मध्य प्रदेश के पन्ना में एक बार फिर ऐसा ही चमत्कार देखने को मिला है। रत्नगर्भा धरती ने एक आदिवासी किसान परिवार पर फिर से दौलत की बारिश कर दी है। करीब दो साल पहले 93 लाख रुपए का हीरा पाने वाला परिवार अब एक बार फिर 30 लाख रुपए के चमचमाते हीरे का मालिक बन गया है।

पन्ना जिले के अहिरगवां क्षेत्र की निजी भूमि से तुआदार चुनुवाद आदिवासी परिवार को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का बेशकीमती हीरा मिला है। बताया जा रहा है कि इस हीरे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है। जैसे ही खदान में यह चमकता हुआ पत्थर नजर आया, परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

दो महीने की मेहनत लाई रंग

राकेश आदिवासी ने अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर इसी साल अप्रैल महीने में खदान लगाई थी। करीब दो महीने की लगातार मेहनत और उम्मीद के बाद उनकी किस्मत ने एक बार फिर बड़ा खेल दिखा दिया। परिवार ने नियमों के अनुसार इस हीरे को तुरंत पन्ना जिले के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है, जहां इसे आगामी सरकारी नीलामी में रखा जाएगा।

इससे पहले भी इसी परिवार को मिला था 93 लाख का हीरा

सबसे खास बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब इस परिवार की किस्मत चमकी हो। साल 2024 में भी इसी परिवार को 19.22 कैरेट का एक विशाल हीरा मिला था, जो सरकारी नीलामी में करीब 93 लाख रुपए में बिका था। अब दूसरी बार मिली इस बड़ी सफलता ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है।

बच्चों की पढ़ाई और नई खदान लगाकर अजमाई जाएगी किस्मत

परिवार का कहना है कि इस बार मिलने वाली रकम से बच्चों की पढ़ाई कराई जाएगी, जमीन खरीदी जाएगी और आगे नई खदान लगाकर एक बार फिर किस्मत आजमाई जाएगी। पन्ना की धरती ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यहां मेहनत के साथ किस्मत भी कभी-कभी चमक उठती है।

https://youtu.be/AclS2gJ_Xdk?si=NIIJma2w2O0o1V3-

Navbharat Live
navbharatlive.com