नर्मदापुरम कलेक्टर और एसपी का अनोखा अंदाज, अधिकारियों संग बैलगाड़ी से पहुंचे गांव, खेला गिल्ली-डंडा
Somesh Mishra Viral Video: नर्मदापुरम के कलेक्टर और SP प्रशासन आपके द्वार अभियान के तहत एक गांव पहुंचे। खास बात ये रही कि अधिकारी गाड़ियों से नहीं, बल्कि बैलगाड़ी के जरिए गांव पहुंचे और लोगों से मिले।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
बैलगाड़ी से गांव जाते कलेक्टर और एसपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Narmadapuram Collector bullock cart ride: नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा एक बार फिर अपने अलग और जनसरोकारों से जुड़े अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। प्रशासन आपके द्वार अभियान के दौरान उनके दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे ग्रामीण जीवन की सादगी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ते हुए नजर आ रहे हैं। कलेक्टर का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन आपके द्वार अभियान के तहत कलेक्टर सोमेश मिश्रा जिले के ग्राम कामती पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी), वन मंडलाधिकारी (डीएफओ), जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। खास बात यह रही कि गांव पहुंचने के लिए अधिकारियों ने आधुनिक वाहनों की बजाय बैलगाड़ी का सहारा लिया। वायरल वीडियो में कलेक्टर और अन्य अधिकारी बैलगाड़ी में बैठकर गांव की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। इस दृश्य ने ग्रामीणों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
ग्राम कामती में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी जीवनशैली और स्थानीय जरूरतों को भी समझने का प्रयास किया।
सम्बंधित ख़बरें
कांग्रेस प्रवक्ता मिथुन अहिरवार ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, पूछा- 2 वोटर आईडी कैसे बनीं, जांच की मांग
‘बहुत साफ और शानदार है’, हैदराबाद मेट्रो में सफर कर ब्रिटिश व्लॉगर हुआ इंप्रेस, वीडियो वायरल
20 लाख के लोन के लिए बेटे ने जिंदा पिता को कागजों में मरा दिखाया, खुद के अंतिम संस्कार की भी बनवाई फर्जी रसीद
Indore News: फेसबुक पर भाई बनकर ठगा, सोना भेजने का झांसा देकर महिला से ठगे 12.50 लाख रुपए
ग्रामीणों के साथ खेला गिल्ली-डंडा
वहीं दूसरे वायरल वीडियो में कलेक्टर सोमेश मिश्रा गांव की संस्कृति में पूरी तरह घुलते-मिलते नजर आए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ पारंपरिक खेल गिल्ली-डंडा भी खेला। खेल के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कलेक्टर ने इस दौरान अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें : कान्हा में बाघ के शावकों की अटखेलियों ने मोहा मन, वन्यजीवों के लिए बनाए गए जल स्रोत बने जीवनदायिनी
गांव में ही किया रात्रि विश्राम
अभियान के तहत अधिकारियों ने ग्राम छेड़का स्थित होमस्टे में रात्रि विश्राम भी किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना और गांवों की संस्कृति, परंपराओं तथा स्थानीय जीवन को करीब से समझना था। कलेक्टर सोमेश मिश्रा का यह अनोखा और सहज अंदाज प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद का उदाहरण बनकर सामने आया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी तारीफ भी की है।
