
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार रात नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। रीवा पहुंचते ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। इसके बाद रविवार सुबह मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। चित्रकूट विकास प्राधिकरण के आश्रय स्थल पहुंचकर सीएम ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मध्यप्रदेश की सियासत में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर एक बार फिर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भोपाल के बुधवारा चौराहे पर आयोजित 'जंग-ए-आज़ादी में उलमा की कुर्बानी' कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर UCC को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर बहुमत के आधार पर कानून लागू करने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध किया और कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इस कानून को खत्म करेगी। सिंघार के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में UCC को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
ओरछा में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठन की मजबूती और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प पर मंथन किया गया। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका, राजनीतिक प्रस्तावों और बुंदेलखंड के विकास को लेकर चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड के विकास को नई गति मिली है और यह बैठक क्षेत्र को नई दिशा देगी। बैठक स्थल पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यों को दर्शाती प्रदर्शनी तथा ओरछा लोक का मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहा। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
करीब आठ महीने पुराने इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में शनिवार को अहम सुनवाई हुई। एक सदस्यीय जांच आयोग की रिपोर्ट फिलहाल बंद लिफाफे में है, लेकिन सुनवाई के दौरान इसके मुख्य अंश याचिकाकर्ताओं को दिखाए गए। रिपोर्ट में दूषित पानी से बीमार होकर 22 लोगों की मौत का उल्लेख है, जबकि जिला प्रशासन अब तक 36 मौतों की पुष्टि कर चुका है। रिपोर्ट में जनप्रतिनिधियों को दोषमुक्त बताते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय किए जाने के संकेत मिले हैं। इसमें नगर निगम के जल यांत्रिकी विभाग से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
सागर जिले के बीना में चोरी की शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने एक नाबालिग को ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी दी और उसके जरिए परिवार के पुराने मकान से करीब 13 लाख रुपए नकद व सोने के आभूषण हासिल किए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 54.37 लाख रुपए कीमत का सामान बरामद किया है। बरामदगी में सोने के आभूषण, कार, बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन, एसी, एलईडी टीवी और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
दतिया जिले के बड़ौनी में आयोजित जनसुनवाई शिविर के दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को लेकर कलेक्टर के सख्त तेवर देखने को मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतें लेकर बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे थे। किसी ने आवास की राशि नहीं मिलने तो किसी ने पात्र होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। शिकायतों की सुनवाई के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से योजना के संचालन और जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी मांगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नगर परिषद के CMO को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
मुरैना की कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 बाइकें बरामद की हैं, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह मुरैना समेत ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, बानमोर और राजस्थान के धौलपुर में बाइक चोरी करता था। 7 जुलाई को हरीराज टाकीज क्षेत्र से चोरी हुई अपाचे बाइक की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह का सुराग मिला। एमएस रोड पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की अपाचे पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
सागर जिले के खुरई क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से तीन प्रमुख ग्रामीण मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। कई जगह पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण लोगों को रास्ते में ही रुकना पड़ा और कुछ लोग वापस लौट गए। सबसे ज्यादा परेशानी सिलोधा-प्यासी मार्ग पर हुई, जहां तेज बहाव के कारण पुलिया पर पानी आ गया। कुछ लोग जोखिम उठाकर पुलिया पार करते नजर आए, जबकि अधिकांश ग्रामीण पानी कम होने का इंतजार करते रहे।
मुरैना शहर के नैनागढ़ रोड पर नकाबपोश चोर ने बीयर फैक्ट्री के अकाउंटेंट के सूने घर को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपए का माल चोरी कर लिया। आरोपी कटर और हथौड़ी लेकर पहुंचा और महज 18 मिनट में ताले तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के जेवर झोले में भरकर फरार हो गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। अंबाह निवासी अकाउंटेंट राहुल गुप्ता रायरू बीयर फैक्ट्री में कार्यरत हैं और पत्नी पिंकी के साथ नैनागढ़ रोड पर किराए के मकान में रहते हैं। रक्षाबंधन पर दोनों पोरसा स्थित मायके गए थे, इसी दौरान घर सूना पाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया।
डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क के बीच ग्रामीणों ने धान का रोपा लगाकर अपनी नाराजगी जताई। मामला ग्राम पंचायत पड़रिया के पोषक ग्राम धनगांव और पड़रिया के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबे कच्चे रास्ते का है। बारिश के बाद यह सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे पैदल चलने और वाहनों के आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है, इसलिए उन्होंने विरोध स्वरूप सड़क पर ही धान की रोपाई की।