सागर: 54.37 लाख की बरामदगी से ब्लैकमेलिंग का खुलासा, नाबालिग को धमकाकर मजदूर ने हड़पे लाखों रुपये और जेवर

Sagar Crime News : सागर के बीना में नाबालिग को ब्लैकमेल कर 13 लाख रुपए नकद और सोने के जेवर हड़पने का मामला सामने आया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 54.37 लाख का सामान बरामद किया।
Bina Police Action
54.37 लाख की बरामदगी से ब्लैकमेलिंग का खुलासाफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Bina Blackmail Case : सागर जिले के बीना में चोरी की शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने एक चौंकाने वाले ब्लैकमेलिंग मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने एक नाबालिग को ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी दी और उसके जरिए परिवार के पुराने मकान में रखे करीब 13 लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण हड़प लिए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 54.37 लाख रुपए कीमत का सामान बरामद किया है। इनमें सोने के आभूषण, नकदी से खरीदी गई कार, बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन, एसी, एलईडी टीवी और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।

पुराने मकान से गायब मिले थे नकद और जेवर

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा है। उनका पुराना पैतृक मकान भी है, जहां नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।

जांच के दौरान नहीं मिले चोरी के सबूत

17 जून को पुराने मकान में रखे सामान की जांच की गई तो नकदी और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को घर में सामान्य चोरी से जुड़े ठोस साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले के दूसरे संभावित पहलुओं पर जांच शुरू की।

नाबालिग को ब्लैकमेल कर कराई चोरी

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस के सामने महत्वपूर्ण जानकारी आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आयुष मैना निवासी बीना नाबालिग को ब्लैकमेल कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाता था। इसी दबाव में नाबालिग से परिवार के पुराने मकान में रखे नकद और जेवर हासिल किए गए। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आयुष मैना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में करीब 13 लाख रुपए नकद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लिए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नकदी का इस्तेमाल कार, मोटरसाइकिल और अन्य महंगे सामान खरीदने में किया।

मामा के पास रखे थे सोने के जेवर

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोने के आभूषण उसने अपने मामा अंकुश बाल्मीकि निवासी गुना को दिए थे। इसके बाद पुलिस ने अंकुश को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई कार, बुलेट मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी बरामद किया है।

मजदूरी करता था, अचानक लग्जरी लाइफ ने खींचा पुलिस का ध्यान

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आयुष मैना पहले मजदूरी और हम्माली का काम करता था। उसकी आर्थिक स्थिति सामान्य थी, लेकिन वारदात के बाद अचानक उसकी लाइफस्टाइल बदल गई। वह कार से घूमने लगा, महंगा आईफोन इस्तेमाल करने लगा और घर में एसी समेत कई महंगे सामान आ गए। उसके पास बुलेट भी थी। पुलिस को आरोपी की बदली हुई जीवनशैली पर संदेह हुआ। पूछताछ आगे बढ़ी तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

Bina Police Action
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की समीक्षा, बाढ़ पीड़ितों को कपड़े, भोजन और शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

आईफोन से लेकर कार-बुलेट तक जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 54.37 लाख रुपए कीमत का सामान जब्त किया है। बरामद सामान में आईफोन, दो बड़े चाकू, दो कार, बुलेट मोटरसाइकिल, एसी, एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम, कुर्सियां, बेड, लोहे का गेट, सोने के आभूषण और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।

मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि मामले में आयुष मैना निवासी बीना और अंकुश बाल्मीकि निवासी गुना को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। वहीं उनके सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और बरामदगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com