पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान म.प्र. विधानसभा में (सोर्स - सोशल मीडिया)
भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा में बुधवार को बजट सत्र के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 2025-26 का बजट पेश कर रहे थे, तभी मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अचानक उन्हें रोक दिया। यह देख सभी विधायक चौंक गए, क्योंकि उनकी नजरें एक खास शख्स पर टिक गईं—वो थे पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विधानसभा में शिवराज का गर्मजोशी से स्वागत किया और सभी विधायकों ने तालियों से उनका अभिवादन किया। शिवराज ने भी हाथ जोड़कर सभी को संबोधित किया, जिसके बाद वित्त मंत्री ने अपना बजट भाषण फिर से शुरू किया।
दरअसल मध्यप्रदेश विधान सभा का बजट सत्र चल रहा है जिसमें मध्यप्रदेश के वित्त मंंत्री जगदीश देवड़ा सदन में बजट भाषण दे रहे थे, इसी समय पूर्व सीएम के दर्शक दीर्घा में पहुंचने से सदन के सभी सदस्यों की नजरें केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर चली गईं।
शिवराज सिंह चौहान इस बार दर्शक दीर्घा में बैठे थे। जब वित्त मंत्री देवड़ा बजट पेश कर रहे थे, तभी मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, हमारे पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हमारे बीच मौजूद हैं। मैं विधानसभा की ओर से उनका स्वागत करता हूं।इसके बाद विधानसभा में गर्मजोशी का माहौल बन गया और सभी नेताओं ने शिवराज का अभिवादन किया।
बजट भाषण दोबारा शुरू होते ही वित्त मंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास के लिए एक नई इमारत बनाई जाएगी। साथ ही, महिलाओं और छात्राओं की सुविधा के लिए ‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ शुरू की जाएगी, जिससे राज्य की बेटियां अपने सपनों को उड़ान दे सकें।
मध्यप्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
वित्त मंत्री देवड़ा ने 4.21 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसमें कई कल्याणकारी योजनाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट का मकसद राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और विकास कार्यों को गति देना है। मध्य प्रदेश का बजट सत्र जारी है, और आने वाले दिनों में कुछ और अहम घोषणाएं होने की उम्मीद है।