मुरैना: फूफा ससुर के बेटे की शादी में आए दामाद की गोली लगने से मौत; परिजन ने मृतक के साडू पर लगाए गंभीर आरोप
Morena Murder Case: मुरैना के अंबाह में शादी समारोह में गोली लगने से टैक्सी चालक रामरतन निषाद की मौत, परिजनों ने साढ़ू पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया, जांच जारी।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: सजल रघुवंशी
मुरैना मर्डर केस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Morena Wedding Murder Case: मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब कार्यक्रम में शामिल होने आए 30 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहाबाद के मल्लाह टोला निवासी और पेशे से टैक्सी चालक रामरतन निषाद के रूप में हुई है।
वह अपने फूफा ससुर के बेटे की शादी में शामिल होने बरेह गांव पहुंचे थे। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतक के परिजन इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।
गंभीर हालत में मिले रामरतन, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान रामरतन निषाद अपने कुछ परिचितों के साथ मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि उन्हें समारोह में शराब भी पिलाई गई थी। देर शाम करीब आठ बजे रामरतन रामदास का पुरा बंबा के पास गंभीर हालत में पड़े मिले। उनकी दाहिनी जांघ में गोली लगी थी और अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था। ससुराल पक्ष के लोग उन्हें तत्काल अंबाह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुरैना रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर भेज दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बाद में शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट अंबाह सिविल अस्पताल में कराया गया।
सम्बंधित ख़बरें
भिंड सहकारी बैंक में महा-भ्रष्टाचार, 6 साल की जांच के बाद बैंक मैनेजर; कैशियर सहित 4 पर धोखाधड़ी की FIR
डिंडौरी के छोटे से गांव में बनी ‘एआई लैब’; स्वदेशी ह्यूमनॉइड रोबोट देख हैरान रह गए SDM ऐश्वर्य वर्मा
MP में मूंग खरीदी में ‘कोटा’ का संकट, किसानों को औने-पौने दाम पर बेचने की मजबूरी; सरकार से बढ़ोत्तरी की मांग
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल का कार्यकाल हुआ पूरा; क्या मिलेगा विस्तार या होगा नया चेहरा?
परिजनों ने छोटे साढ़ू पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के बड़े भाई धर्मवीर निषाद ने आरोप लगाया है कि करीब दो महीने पहले रामरतन का उसके छोटे साढ़ू प्रकाश से विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते प्रकाश ने साजिश रचकर उसकी हत्या कराई है। परिजनों का यह भी दावा है कि आरोपी पहले भी सोशल मीडिया पर अवैध कट्टा लहराते हुए फोटो और वीडियो पोस्ट करता था तथा धमकियां देता था। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
अंबाह पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: भिंड सहकारी बैंक में महा-भ्रष्टाचार, 6 साल की जांच के बाद बैंक मैनेजर; कैशियर सहित 4 पर धोखाधड़ी की FIR
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि हत्या के आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
