मुरैना में प्रॉपर्टी डीलर के घर से 25 लाख के जेवर चोरी, पुलिस जांच तेज; सीसीटीवी में कैद हुई घटना
Jewellery Theft In Morena: मुरैना में बड़ी चोरी, प्रॉपर्टी डीलर हरेश परमार के सूने घर से ₹25 लाख के सोने के जेवरात पार, आहट पाकर ₹6 लाख की नकदी छोड़ भागा चोर, CCTV में कैद।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: सजल रघुवंशी
मुरैना में दिनदहाड़े चोरी की वारदात (सोर्स- सोशल मीडिया)
Jewellery Theft At Property Dealer House Morena: मुरैना की न्यू हाउसिंग कॉलोनी में दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। प्रॉपर्टी डीलर हरेश परमार के सूने मकान में घुसे बदमाश ने करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
हालांकि वारदात के दौरान परिवार का एक सदस्य घर पहुंच गया, जिससे घबराकर चोर 6 लाख रुपये की नकदी छोड़कर भाग निकला। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
100 ग्राम से ज्यादा सोना चोरी
जानकारी के अनुसार न्यू हाउसिंग कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर हरेश परमार मंगलवार दोपहर परिवार सहित किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान एक बदमाश घर की बाउंड्री कूदकर अंदर दाखिल हुआ और करीब 20 मिनट तक घर के भीतर रहकर चोरी की वारदात को अंजाम देता रहा चोर ने घर में रखे करीब 199 ग्राम वजनी सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इनमें दो सोने की जंजीरें, एक अंगूठी, दो जोड़ी झुमके और एक सोने का हार शामिल है।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर में डिजिटल अरेस्ट: महिला से ठगे 1 करोड़ 57 लाख रुपए; ठगों ने खुद को बताया केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी
मुरैना में डेढ़ साल पुरानी रंजिश फिर भड़की, दो पक्षों ने छतों से बरसाए पत्थर; पुलिस ने किया मामला दर्ज
MP में रोजगार के लिए नवाचारों पर जोर; पर्यटन और कुटीर उद्योगों से युवाओं को जोड़कर बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर
करोड़ों की जमीन पर कब्जे का विवाद: पुलिसकर्मियों पर हमला, दो जवान घायल
25 लाख बताई जा रही जेवरों की कीमत
चोरी गए जेवरों की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी घर में रखी 6 लाख रुपये की नकदी भी समेट चुका था। इसी दौरान परिवार का एक सदस्य अचानक घर वापस लौट आया। उसे देखकर चोर घबरा गया और भागने के लिए बाउंड्री फांदने लगा। हड़बड़ी में उसके पास मौजूद 6 लाख रुपये की नकदी की पोटली नीचे गिर गई, जिसे परिजनों ने अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि चोर जेवरात लेकर फरार होने में सफल रहा।
आरोपी की तलाश जारी, पुलिस की विशेष टीम गठित
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में आरोपी घर में प्रवेश करते और बाहर निकलते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवरात बरामद कर लिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में डिजिटल अरेस्ट: महिला से ठगे 1 करोड़ 57 लाख रुपए; ठगों ने खुद को बताया केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने न्यू हाउसिंग कॉलोनी के रहवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, ऐसे में पुलिस को जल्द खुलासे की उम्मीद है।
