करोड़ो की जमीन पर कब्जे का विवाद: पुलिसकर्मियों पर हमला, दो जवान घायल
Land Dispute Violence: इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र स्थित डायमंड कॉलोनी में करीब 500 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर हुए विवाद में डायल-112 के दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि जमीन पर कब्जे को लेकर हुए व
- Reported By: अंशुल मुकाती
इंदौर का कनाड़िया थाना (फोटो सोर्स - नवभारत)
Indore Land Mafia Attack: इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित डायमंड कॉलोनी में करीब 500 करोड़ रुपए कीमत की बताई जा रही जमीन को लेकर विवाद हिंसक हो गया। जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के बीच बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में डायल-112 के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डायल-112 की टीम पर लाठी और ईंटों से हमला
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात विवादित जमीन पर दो पक्षों के बीच कहासुनी और तनाव की सूचना डायल-112 को मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला बोल दिया। हमले में कांस्टेबल विजय सिकरवार के सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें 16 टांके लगाने पड़े, जबकि कांस्टेबल आशीष शर्मा भी घायल हुए, जिन्हें 8 टांके आए हैं।
जमीन विवाद में सक्रिय हैं भूमाफिया
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ वह अत्यंत कीमती है और लंबे समय से उस पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन पर कब्जा जमाने को लेकर सक्रिय भूमाफिया और उनके समर्थकों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला और बिगड़ गया।
सम्बंधित ख़बरें
2 दिन बंद रहेगी भोपाल मेट्रो, सिग्नलिंग सिस्टम की जांच के लिए CMRS करेगी निरीक्षण, 26 जून से दोबारा होगी शुरू
रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी निलंबित, कलेक्टर शिवम वर्मा का बड़ा एक्शन
कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघ की मौत: पाए गए थे कैनाइन डिस्टेंपर रोग के लक्षण, कई दिनों से चल रहा था इलाज
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक करीब, 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कुछ जिलों में हीटवेव का असर
कनाड़िया थाना पुलिस पर कार्रवाई में देरी के आरोप
घटना के बाद आरोप लगे कि पुलिस ने तत्काल केस दर्ज नहीं किया। घायल पुलिसकर्मियों की ओर से भी दो दिनों तक एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात सामने आई। मामला पुलिस कमिश्नर तक पहुंचने के बाद कार्रवाई तेज हुई और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस कमिश्नर ने मांगी रिपोर्ट
मामले ने तूल पकड़ने के बाद पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने संबंधित टीआई को तलब कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही घटना में लापरवाही और कार्रवाई में देरी को लेकर भी जवाब मांगा गया है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
कनाड़िया थाना पुलिस का कहना है कि मामले में एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इंदौर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। वहीं, जमीन विवाद और पुलिसकर्मियों पर हमले की घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और भूमाफियाओं की गतिविधियों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
